मध्यप्रदेश
म प्र में पटवारी भर्ती परीक्षा की जांच करेंगे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश
ग्वालियर के एक निजी कॉलेज के परीक्षा केंद्र से परीक्षा देने वाले 7 छात्र मेरिट सूची में

भोपाल . मध्यप्रदेश में कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के मामले की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाएगी. यह ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है.
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा है कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित ग्रुप-2 , सब ग्रुप-4 और पटवारी भर्ती परीक्षा की जांच के लिये उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधिपति राजेन्द्र कुमार वर्मा को नियुक्त किया गया है। जांच में उक्त परीक्षा से संबंधित शिकायतों एवं जांच के दौरान उद्भूत अन्य प्रासंगिक बिंदुओं पर भी जांच की जायेगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर यथोचित अनुशंसायें 31 अगस्त 2023 तक राज्य शासन को प्रस्तुत होंगी.
ज्ञात हो कि ग्वालियर के एक निजी कॉलेज के परीक्षा केंद्र से परीक्षा देने वाले 7 छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया था. इतना ही नहीं इस परीक्षा केंद्र से 114 विद्यार्थी चयनित हुए थे. उसके बाद से मामला तूल पकड़े हुए हैं और राज्य सरकार नियुक्ति पर रोक लगा चुकी है.