मध्यप्रदेशराजनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को भगवान का वरदान-शिवराज

छिंदवाड़ा के बाद श्योपुर में शिवराज

भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा के बाद गुरूवार को श्योपुर में कार्यकर्ता और लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित किया।  मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  भारत को भगवान का वरदान हैं। उनके नेतृत्व में देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है, हमारा सीना भी गर्व से फूल रहा है और हमारा माथा भी ऊंचा उठाया है तो वो नरेंद्र मोदी जी ने उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  भारत का मान, सम्मान और शान पूरे विश्व में बढ़ाई है। पहले जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो हमारे देश का कोई मान, सम्मान और इज्जत दुनिया में नहीं थी लेकिन आज भारत, दुनिया के सामने सीना तान कर खड़ा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैं आज सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत को प्रणाम करने आया हूं। कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीती है, ये ऐतिहासिक जीत, मैं कार्यकर्ताओं और लाड़ली बहनों को समर्पित करता हूं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश लगातार विकास पथ पर अग्रसर है और इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में भी नरेन्द्र मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। सभी कार्यकर्ता एक बार फिर आत्मविश्वास के साथ खड़े हो जाएं और 2024 में प्रदेश की 29 की 29 सीटें जिताकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, पहले छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, लेकिन आज किसी की क्या मजाल है कि, आंख उठाकर देखें। चीन के सैनिकों ने भारतीय सीमाओं की तरफ आने की जुर्रत की तो भारतीय सैनिकों ने उन्हें खदेड़ कर चीन की सीमा में वापस भेज दिया। यह भारत जो नरेंद्र मोदी जी बना रहे हैं, वह एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत है। एक ऐसा भारत जो कल दुनिया का नेतृत्व करेगा, दुनिया को दिशा दिखाएगा। ये आज का भारत है, जो दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, भारत के निर्माण के लिए एक बार फिर नरेंद्र मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि, ये अजूबा है कि, चुनाव नतीजों को 3 दिन भी नहीं हुए हों और जिन सीटों पर जीत नहीं पाए, वहां कोई नेता आया हो। उन्होंने कहा कि, कार्यकर्ता साथियों  मैं आपको वचन देने आया हूँ कि, मैं तुम्हारा हूं और तुम्हारे लिए खड़ा हूं। मैं श्योपुर वालो से मिलने के लिए बेताब था, कार्यकर्ताओं को गले लगाकर कहूंगा कि, आंखों में आंसू नहीं आने चाहिए फिर से आत्मविश्वास के साथ खड़े हो जाओ। कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान और स्थान सुरक्षित करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि, अटल जी ने कहा था कि, हार नहीं मानूंगा रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता हूं मिटाता हूं। गीत नया गाता हूं-गीत नया गाता हूं और नया गीत है, श्योपुर जिले से विधानसभा में हम भले नहीं जीते लेकिन, लोकसभा में दोनों विधानसभाओं से भारी बहुमत से पार्टी को जिताएंगे।
मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि, हमने मिशन-29 के लिए काम करना शुरू कर दिया है। आगामी लोकसभा में 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गले में 29 कमल के फूलों की माला मध्यप्रदेश की जनता डालेगी और इसलिए जहां-जहां भाजपा पराजय हुई है, वहां जाकर जनता-जनार्दन, लाड़ली बहनों और कार्यकर्ता साथियों से मिल रहा हूं। श्योपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईवीएम पर सवाल खड़े करने वालो को लेकर कहा कि, अगर ईवीएम मशीन में गड़बड़ी होती तो श्योपुर क्यों हारते। वहीं श्योपुर में सीएम शिवराज ने एक कार्यकर्ता के घर पहुंचकर भोजन भी ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button