मध्यप्रदेश

अमरनाथ यात्रा जुलाई से शुरू होगी, जिसके लिए अप्रैल से पंजीयन शुरू होगा, स्वास्थ्य परीक्षण होगा अनिवार्य

भोपाल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने इस वर्ष अमरनाथ यात्रा की तिथियों की घोषणा कर दी है। इस बार बाबा अमरनाथ की यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होकर अगस्त तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा पर जाने के इच्छुक दर्शनार्थियों के लिए पंजीयन कराना अनिवार्य होगा, जिसकी प्रक्रिया 14 अप्रैल से प्रारंभ होगी। साथ ही, जिला अस्पताल में हेल्थ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया भी आगामी दिनों में शुरू कर दी जाएगी।

देवास के शिवशक्ति सेवा मंडल के विनोद जैन एवं महेश कारपेंटर ने बताया कि हर वर्ष जम्मू-कश्मीर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जिले से हजारों श्रद्धालु जाते हैं। अमरनाथ यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट अनिवार्य है और केवल वर्तमान तिथि का प्रमाणपत्र ही मान्य होगा। श्राइन बोर्ड द्वारा अधिकृत डॉक्टरों की सूची जारी होने के बाद जिला चिकित्सालय में हेल्थ चेकअप प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
इच्छुक यात्री पंजीयन फॉर्म एवं हेल्थ सर्टिफिकेट लेकर स्वास्थ्य परीक्षण करवा सकते हैं। चेकअप के दौरान हीमोग्लोबिन, ईसीजी, ब्लड ग्रुप, हार्ट चेकअप, ब्लड प्रेशर सहित अन्य महत्वपूर्ण जांचें की जाएंगी। पहले से कराया गया मेडिकल परीक्षण मान्य नहीं होगा। केवल श्राइन बोर्ड द्वारा नामित सरकारी डॉक्टरों द्वारा किया गया चेकअप ही स्वीकार किया जाएगा। यात्रा पंजीयन श्राइन बोर्ड द्वारा निर्धारित बैंकों में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यात्री ऑनलाइन भी पंजीयन करा सकेंगे।

दो मार्गों से होती है अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा के लिए दो मार्ग निर्धारित हैं—पहलगाम और बालटाल।

    पहलगाम मार्ग: इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को 32 किमी से अधिक पैदल चलना पड़ता है।

    बालटाल मार्ग: इस मार्ग से यात्रा करने पर श्रद्धालुओं को 16 किमी पैदल चलकर बाबा अमरनाथ के दर्शन करने होते हैं।

फ्री फॉर्म वितरण केंद्र

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु शिवशक्ति सेवा मंडल नि:शुल्क पंजीयन फॉर्म उपलब्ध करा रहा है। यात्री निम्नलिखित स्थानों से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं:

1.मां चामुंडा स्पोर्ट्स पाइंट, शुक्रवारिया हाट (संपर्क: संजय पारखे, प्रजोत पारखे – 9826040033)

    सयाजी द्वार के सामने गोवर्धन पहलवान की पान दुकान
    देवास बस स्टैंड – श्रीराम भोजनालय
    कोतवाली के सामने – बागलीकर एडवर्टाइजिंग, अमित बागलीकर (संपर्क: 9039900559)
    भौंरासा में महेश कारपेंटर
    हाटपीपल्या में मनोज जोशी

इन लोगों को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं
श्राइन बोर्ड द्वारा जारी आदेशानुसार, 13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को यात्रा की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं को भी यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य परीक्षण की अनिवार्यता को ध्यान में रखते हुए सभी इच्छुक यात्रियों को समय रहते हेल्थ सर्टिफिकेट बनवाने की सलाह दी जाती है।

 

Related Articles

Back to top button