भारत

24 मई तक दिल्ली में बरसेगी आग, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

नई दिल्ली

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार को दिनभर राजधानी में आसमान से आग बरसती रही। तेज धूप के बीच गर्म हवा (लू) ने लोगों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल कर दिया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री पहुंच गया जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्लीवासियों को अगले छह दिनों तक गर्मी से किसी प्रकार की राहत नहीं मिलने वाली है।

जारी हुआ रेड अलर्ट
हालात खराब होने के चलते मौसम विभाग ने शनिवार एवं रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया। वहीं सोमवार से बुधवार तक के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वह अगले चार दिनों तक अपना खास ख्याल रखें। अधिक गर्मी होने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 23 और 24 मई को भी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

तापमान 45 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अचानक तेजी से तापमान बढ़ रहा है। शुक्रवार को जहां दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा तो वहीं शनिवार को यह 43.7 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। राजधानी के कई इलाकों में शनिवार को भी तापमान 45 डिग्री को पार कर गया।

बाहर निकलने से बच रहे लोग
वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। शनिवार को दिनभर लू के थपेड़ों ने लोगों को खूब सताया। हवा की रफ्तार भी 14 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा रही जिसके चलते लू का असर भी ज्यादा देखने को मिला। इस वजह से शनिवार को सड़कों पर भी लोग काफी कम संख्या में निकले। लू के चलते दिल्ली की सड़कों पर राहगीरों एवं दुपहिया सवारों को ज्यादा परेशानी हो रही है।

जगह                     अधिकतम तापमान
मुंगेशपुर                46.8 डिग्री
नजफगढ़               46.7 डिग्री
पीतमपुरा              46.1 डिग्री
पूसा                      46.0 डिग्री
जाफरपुर               45.6 डिग्री
रिज                      45.5 डिग्री
आया नगर            45.2 डिग्री

छह दिनों तक राहत के आसार नहीं
दिल्ली-एनसीआर में छह दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। दिल्ली में शनिवार की तरह ही आगामी बुधवार तक लू चलेगी। रविवार से लेकर आगामी मंगलवार तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहेगा। वहीं बुधवार एवं गुरुवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाएगा। तापमान के साथ ही हवा की रफ्तार बढ़ने के चलते लू ज्यादा परेशानी बढ़ा रही है। आगामी 24 मई तक दिल्ली में तापमान 44 डिग्री से कम नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के पास पहुंच जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button