खेल

आरसीबी बनाम केकेआर मुकाबला, प्लेऑफ की रेस में बड़ा मैच

रायपुर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम को अगर अंतिम चार में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित करनी है तो उसके बल्लेबाजों को बुधवार को रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजों के सामने आक्रामक प्रदर्शन करना होगा।

आरसीबी फिलहाल 14 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है, लेकिन मंगलवार को होने वाले मैच के बाद इस स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद या गुजरात टाइटन्स काबिज हो जाएंगे जिनके पास भी 14 अंक हैं।

कुछ मैचों में आरसीबी के बल्लेबाजों ने किया है निराश
आरसीबी ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और उसने बमुश्किल जीत हासिल की थी। उसकी टीम आगे फिर से इस तरह की परिस्थिति से नहीं गुजरना चाहेगी।

पिछले मैच में वह क्रुणाल पंड्या के अर्धशतक और अंतिम ओवर में भुवनेश्वर कुमार के छक्के से ही लक्ष्य तक पहुंच पाई थी।

कप्तान रजत पाटीदार के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट के शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन पिछले कुछ मैच में वह रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए। अगर आरसीबी को वापसी करनी है तो पाटीदार को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा। पिछली छह पारियों में वह केवल एक बार पचास से अधिक और एक बार बीस से अधिक का स्कोर ही बना पाए हैं।

इससे आरसीबी की मध्यक्रम की बल्लेबाजी कुछ कमजोर पड़ गई है, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड जैसे अन्य बल्लेबाजों के योगदान ने उसे मुश्किलों से बाहर निकलने में मदद मिली।

अब उसके बल्लेबाजों का सामना केकेआर के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से होगा जिसमें सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे रहस्यमयी स्पिनर शामिल हैं। उन्हें कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय जैसे घरेलू गेंदबाजों का अच्छा सहयोग मिल रहा है।

गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से केकेआर ने शुरू में लड़खड़ाने के बाद लगातार चार जीत दर्ज की हैं।

अगर रायपुर की पिच पिछले मैच की तरह ही चिपचिपी रहती है और गेंद रुककर बल्ले पर आ रही हो तो आरसीबी के बल्लेबाजों को केकेआर के गेंदबाजों के सामने काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है तीन बार की चैंपियन KKR
तीन बार की चैंपियन केकेआर की टीम अभी भी 10 मैचों में नौ अंकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर है और यहां थोड़ी सी चूक भी उसे प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर होने के करीब पहुंचा देगा।

ऐसी किसी स्थिति से बचने के लिए केकेआर के बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उन्हें आरसीबी के प्रमुख गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड का डटकर सामना करना होगा।

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं लेकिन उप-कप्तान रिंकू सिंह, न्यूजीलैंड के फिन एलन, अनुकूल रॉय और अंगकृष रघुवंशी ने पिछले कुछ मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की है। इनके अलावा कैमरन ग्रीन में भी अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है।

टीम इस प्रकार हैं:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, प्रशांत सोलंकी।
समय: मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button