राजनीति

अब बुधनी से शिवराज सिंह चौहान का उत्तराधिकारी कौन? बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की है चर्चा

भोपाल
 लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। मध्य प्रदेश में बीजेपी 29 सीटें जीत गई हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में उपचुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के बुधनी से विधायक हैं। वह अब विदिशा लोकसभा सीट से सांसद बन गए हैं। उन्होंने आठ लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की है। सांसद बनने के बाद वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। ऐसे में बुधनी विधानसभा सीट खाली हो जाएगा। इसके साथ ही यह चर्चा शुरू हो गई है। शिवराज सिंह चौहान का बुधनी में उत्तराधिकारी कौन होगा। प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करने के बाद से ही शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

शिवराज सिंह चौहान के बाद कौन?

दरअसल, शिवराज सिंह चौहान के सांसद बनने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में यह चर्चा शुरू हो गई है कि बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव कौन लड़ेगा। दावेदारों के नाम की चर्चा अभी से शुरू हो गई है। अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान को लेना है। अभी प्रदेश की राजनीति में दो नामों की चर्चा चल रही है। एक विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व सांसद रामाकांत भार्गव के नाम की चर्चा है। इनकी गिनती शिवराज सिंह चौहान के करीबियों में होती है। विदिशा से रामाकांत भार्गव का टिकट काटकर ही शिवराज सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया गया था। ऐसे में संभावना है कि बुधनी विधानसभा सीट से रामाकांत भार्गव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

शिवराज के बेटे की भी दावेदारी

वहीं, सबसे ज्यादा चर्चा शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की हो रही है। वह बुधनी विधानसभा सीट पर काफी सक्रिय हैं। कार्तिकेय सिंह चौहान लोकसभा चुनाव के दौरान भी पिता के लिए खूब एक्टिव रहे हैं। ऐसे में चर्चा है कि पिता की परंपरागत सीट से कार्तिकेय चौहान चुनाव लड़ सकते हैं। शिवराज सिंह चौहान के दो बेटों में सिर्फ बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ही राजनीति में एक्टिव हैं।

परिवारवाद आ सकता है आड़े?

हालांकि कार्तिकेय सिंह चौहान को टिकट देने में परिवारवाद आड़े आ सकता है। बीजेपी मध्य प्रदेश में परिवारवाद के खिलाफ रही है। हालांकि लोकसभा चुनाव में मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनीता नागर सिंह चौहान को टिकट दिया गया था। ऐसे में परिस्थितियों के अनुसार पार्टी अपनी नीति को बदल सकती है।

गौरतलब है कि बुधनी विधानसभा सीट के साथ-साथ छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा सीट पर भी उपचुनाव तय है। अमरवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अमरवाड़ा में उपचुनाव तय है। माना जा रहा है कि बीजेपी अमरवाड़ा सीट से कमलेश शाह को ही उम्मीदवार बना सकती है।

Related Articles

Back to top button