भारत

कठुआ में आतंकवादी हमले में 5 जवान शहीद, ‘बलिदान का बदला तो लिया जाएगा’, भारत ने दिया सख्त संदेश

कठुआ  
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकवादी हमले में 5 जवान शहीद हो गए। इस घटना पर भारत की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है। केंद्रीय रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि कठुआ हमले में हमारे जवानों की मौत का बदला लिया जाएगा और भारत इसके पीछे की बुरी ताकतों को हराएगा। उन्होंने इस आतंकी हमले में 5 बहादुर सैनिकों की मौत पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। अरमाने ने कहा, 'राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके बलिदान का बदला लिया जाएगा और भारत हमले के पीछे की बुरी ताकतों को हराएगा।'

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

सोमवार को कठुआ के बदनोटा इलाके में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें 5 जवान शहीद हो गए थे और कई घायल हो गए थे। वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कठुआ हमले में पांच जवानों की मौत पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस कठिन समय में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है। आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है। हमारे सैनिक क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं इस कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

'शरण देने वाले लोगों को भी भुगतने होंगे नतीजे'
बता दें कि कठुआ में गश्ती दल पर आतंकवादी हमले में शहीद हुए 5 सैन्यकर्मी उत्तराखंड के थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मानवता के दुश्मन और इस कायरतापूर्ण हमले के दोषी आतंकवादियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। उन्हें शरण देने वाले लोगों को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे। दुख की इस घड़ी में पूरा राज्य उनके परिवारों के साथ खड़ा है। यह हमला सोमवार को हुआ जब कठुआ के बदनोटा इलाके में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के समूह ने गश्त कर रहे दल पर घात लगाकर हमला किया। हमला करने वाले आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button