राजनीति

भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 67 उम्मीदवारों की सूची जारी की

हरियाणा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार रात 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें 17 विधायकों और आठ मंत्रियों को दोबारा टिकट दी गई है। पार्टी ने आठ महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल की जगह कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को एक बार फिर अंबाला छावनी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। बंसीलाल की पोती और किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को तोशाम से टिकट दिया गया है। 2019 के विधानसभा चुनाव में तोशाम से किरण चौधरी ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की थी। पार्टी ने तीन वर्तमान और एक पूर्व मंत्री की टिकट काट दी है। रानियां से बिजली मंत्री रणजीत चौटाला की जगह शीशपाल कंबोज को प्रत्याशी बनाया गया है।

बवानीखेड़ा से राज्य मंत्री बिशंभर वाल्मीकि की जगह कपूर वाल्मीकि को टिकट मिला है। सोहना से खेल मंत्री संजय सिंह की जगह तेजपाल तंवर और पिहोवा से पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की जगह कमलजीत सिंह अजराना को टिकट मिला है। तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं अंबाला की मेयर शक्तिरानी शर्मा को कालका से उम्मीदवार बनाया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव को अटेली से टिकट मिला है।

रतिया सीट से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को टिकट मिला है। लोकसभा चुनाव में सिरसा से उनका टिकट काट दिया गया था। जजपा से आए पूर्व मंत्री अनूप धानक को उकलाना, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली को टोहाना और रामकुमार गौतम को सफीदों से टिकट दिया गया है। पहली सूची में एक मात्र खिलाड़ी का नाम शामिल है। महम से दीपक हुड्डा प्रत्याशी बनाए गए हैं।

हिसार से टिकट की दावेदारी जता रहे जिंदल परिवार को भी झटका दिया गया है। यहां से मौजूदा विधायक और सैनी सरकार में मंत्री कमल गुप्ता को फिर टिकट मिला है। राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार को पार्टी ने एक बार इसराना से प्रत्याशी बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button