मध्यप्रदेश

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का अब ऑनलाइन कर सकेंगे अभिषेक और पूजन

खंडवा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन-पूजन के लिए प्रोटोकाल का नया सिस्टम लागू होगा। विशेष दर्शन करवाने के लिए वालेंटियर का नाम, नंबर की जानकारी मिलेगी। मंदिर ट्रस्ट की वेबसाइट में अन्य सेवाएं और सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। घर बैठे भी ऑनलाइन दर्शन और अभिषेक की सुविधा मिलेगी।

निर्धारित शुल्क जमा कर श्रद्धालु घर में स्क्रीन पर अभिषेक भी देख सकेंगे। ओंकारेश्वर में सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना और मंदिर में आम तथा खास दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा मंथन किया जा रहा है। मंगलवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों के साथ तीर्थनगरी और मंदिर का दौरा किया।

इस दौरान विभिन्न कार्यों के लिए जमीन की उपलब्धता, जगह का चयन, भीड़ नियंत्रण सहित श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर चर्चा की गई। नगर परिषद से तीर्थनगरी में स्वच्छता के साथ ही पर्यावरण की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनेगी।

विशेष दर्शन के लिए मिलेगा पास

मंदिर में वीआईपी दर्शन की आड़ में कतिपय पंडित और दलाल श्रद्धालुओं से अवैध वसूली और विवादों को देखते हुए इसे पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर चर्चा की गई। अब विशेष दर्शन के लिए अलग से पास या रिस्ट बेल्ट कलर अनुसार दिए जाएंगे।

इससे टिकट लेकर दर्शन करने वालों की अलग पहचान हो सकेगी। वहीं, प्रोटोकाल के तहत दर्शन करवाने के लिए वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग की सेवा को और विस्तारित किया जाएगा।

घाटों पर बनेगें पुलिस सहायता केंद्र

ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान हादसे रोकने के लिए आवश्यक चेतावनी के बोर्ड की संख्या बढ़ाने के साथ ही हर घाट पर पुलिस सहायता केंद्र बनाया जाएगा।

रैंप को बनाया जाएगा सुविधाजनक

ओंकारेश्वर मंदिर के समक्ष रैंप निर्माण हुआ था लेकिन इसका लाभ श्रद्धालुओं को नहीं मिल पा रहा है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए इसे मंदिर के प्रत्येक मंजिल से जोड़ा जाएगा।

पांच दिन में होगा नए इंजन का ट्रायल

नर्मदा में प्रदूषण रोकने के लिए नावों में डीजल इंजन की जगह बैटरी व सोलर वाले इंजन का ट्रायल चल रहा है। सामने आई दिक्कतों को दूर कर स्थानीय जरूरत के अनुसार इंजन तैयार करवाया जा रहा है। इसका दूसरा ट्रायल चार-पांच दिन में हो जाएगा। इसके बाद डीजल इंजन को प्रतिबंधित किया जाएगा। पालीथिन और सिंगल यूज आयटम पर प्रतिबंध को लेकर व्यवसायियों से भी चर्चा की गई।
वेबसाइट का विस्तार किया जाएगा

    श्रद्धालुओं को आनलाइन सेवाएं मिल सकें, इसके लिए मंदिर ट्रस्ट की वेबसाइट का विस्तार किया जाएगा। सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित कार्यो की समीक्षा और इन्हें समय-सीमा में पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाई है। – ऋषव गुप्ता, कलेक्टर खंडवा।

 

Related Articles

Back to top button