खेल

अल्बानिया ने सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन इटली जीता

डॉर्टमंड (जर्मनी)
अल्बानिया के नेदिम बजरामी ने खेल शुरू होने के बाद 23वें सेकंड में गोल करके यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप में सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड बनाया लेकिन यह मौजूदा चैंपियन इटली पर जीत दर्ज करने के लिए पर्याप्त नहीं था जिसने 2-1 से जीत दर्ज करके अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

बजरामी ने यूरोपीय चैंपियनशिप के 64 साल के इतिहास में सबसे तेज गोल किया लेकिन अल्बानिया इसके बाद इटली पर दबाव नहीं बना पाया जिसने जल्द ही वापसी करके मैच पर अपना नियंत्रण बना दिया और उलटफेर की किसी संभावना को खारिज कर दिया। अल्बानिया के समर्थक अभी अपनी टीम की शुरुआती बढ़त का जश्न मना ही रहे थे कि एलेसेंड्रो बस्तोनी ने इटली की तरफ से बराबरी का गोल दाग दिया।

बस्तोनी ने 11वें मिनट में लोरेंजो पेलेग्रिनी के क्रॉस पर हेडर से गोल किया जबकि निकोलो बरेला ने 16वें मिनट में गोल करके इटली को बढ़त दिला दी जो उसने आखिर तक बरकरार रखी। इटली के लिए यह जीत बेहद जरूरी थी क्योंकि ग्रुप बी में उसका सामना आगे तीन बार के चैंपियन स्पेन और 2022 में विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले क्रोएशिया से होगा। स्पेन ने एक अन्य मैच में शनिवार को क्रोएशिया को 3-0 से हराया।

बजरामी के गोल ने हालांकि इटली को हैरत में डाल दिया। यूरोपीय चैंपियनशिप में इससे पहले सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड रूस के दिमित्री किरिचेंको के नाम पर था जिन्होंने 2004 में 67 सेकंड में गोल किया था।

 

Related Articles

Back to top button