राजनीति

एग्जिट पोल के अनुमान सामने आए, बीजेपी को कुछ राज्यों में नुकसान भी हो रहा, घाटा यहां से पूरा कर रही भाजपा

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। कल एग्जिट पोल के अनुमान सामने आए। लगभग सभी सर्वे में बीजेपी की शानदार जीत दिख रही है। हालांकि, बीजेपी को कुछ राज्यों में नुकसान भी हो रहा है। भगवा पार्टी को मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में नुकसान हो सकती है। पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में भाजपा अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराती दिख रही है। हालांकि, ओडिशा में भगवा पार्टी को अप्रत्याशित फायदा होता दिख रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स के अनुमान के मुताबिक, ओडिशा में भाजपा को 17-20 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, नवीन पटनायक की पार्टी का इस चुनाव में काफी बुरा हाल हो सकता है। बीजेडी को सिर्फ 1 सीट मिलने का अनुमान है। 2019 के परिणाम पर अगर गौर करें तो बीजेडी को काफी नुकसान होता दिख रहा है। उनकी पार्टी 12 से 1 सीट पर सिमटती जा रही है। वहीं, बीजेपी को उस चुनाव में 7 सीटें मिली थी।

‘इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’ ने अपने सर्वेक्षण में राजग को 361-401 सीट मिलने की संभावना जताई है। उसका अनुमान है कि ‘इंडिया’ गठबंधन को 131-166 सीट से संतोष करना पड़ेगा। ‘एबीपी-सी वोटर’ ने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए 353-383 सीटें और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए 152-182 सीटों का अनुमान लगाया है।

‘टुडेज़ चाणक्य’ ने 2019 के चुनावों की तुलना में भाजपा और उसके गठबंधन के लिए कहीं अधिक सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। इसने भाजपा को 335 सीटें और राजग को 400 सीटें दी हैं। इसने विपक्षी गठबंधन को 107 सीटें दी हैं । इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने गठबंधन के लिए ‘400 पार’ का नारा दिया था।

अगर एग्जिट पोल सच साबित होते हैं, तो मोदी अपनी पार्टी को लगातार तीसरी बार चुनाव में जीत दिलाने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। ‘टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च’ के एग्जिट पोल ने राजग और इंडिया गठबंधन को क्रमश: 358 और 152 सीटें दी हैं। कई सर्वेक्षणकर्ताओं ने कहा कि राजग 2019 की अपनी 353 सीटों की संख्या को पार कर सकता है।

‘रिपब्लिक टीवी-पी मार्क’ के सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन 359 सीट तक जीत हासिल करेगा और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को 154 सीट मिलेंगी। 'रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज़’ के एग्जिट पोल में राजग को 353-368 सीट और विपक्ष को 118-133 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।

‘जन की बात’ के सर्वेक्षण में सत्तारूढ़ राजग को 362-392 सीट और विपक्षी गठबंधन को 141-161 सीट दी गई हैं। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ ने अपने अनुमान में राजग को 371-401 और ‘इंडिया’ गठबंधन को 109-139 सीटें दीं, जबकि ‘न्यूज नेशन’ द्वारा अनुमान जताया गया है कि राजग को 342-378 और ‘इंडिया’ गठबंधन को 153-169 सीट मिल सकती हैं।

Related Articles

Back to top button