मध्यप्रदेश

कलाओं की विविधता का उत्सव विरासत आज मध्यप्रदेश के वैभव को दिखाती नृत्यनाटिका, स्वस्ति मेहुल का गायन, रणदीप हुड्डा के अनुभव एवं प्रदर्शनियां होंगी आकर्षण

भोपाल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सांस्कृतिक संध्या का संयोजन किया जा रहा है। इसमें कलाओं की विविधता का उत्सव ''विरासत'' का आयोजन 13 दिसम्बर, 2024 को रवीन्द्र भवन स्थित हसंध्वनि सभागार, भोपाल में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सायं 6:30 बजे से प्रारम्भ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व धर्मेन्द्र सिंह लोधी करेंगे। कार्यक्रम में मंत्रीगण सहित जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में सर्वप्रथम मध्यप्रदेश : स्वर की समता नृत्यनाटिका का मंचन किया जाएगा। इस नृत्यनाटिका का निर्देशन सुजयलक्ष्मी ईश्वर, दिल्ली द्वारा किया गया है। इस नृत्यनाटिका में मध्यप्रदेश का सौंदर्य, विरासत, ऐतिहासिक स्थल, पर्यटन स्थल एवं वैभव को नृत्य में पिरोकर प्रस्तुत किया जायेगा। कार्यक्रम में सुजयलक्ष्मी ईश्वर संगीत नाटक अकादमी अवॉर्डी हैं। इसके बाद सुप्रसिद्ध गायिका एवं मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे…राम आएंगे… भजन फेम सुस्वस्ति मेहुल एवं साथी, मुम्बई द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगी। सुस्वस्ति मेहुल के गीत एवं भजन सोशल मीडिया पर बहुत लोकप्रिय हैं। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर वे अपने जीवन के अनुभव दर्शकों से साझा करेंगे।

इस उत्सव में प्रदर्शनियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसमें श्रीमद् भागवत पुराण चित्र प्रदर्शनी को प्रदर्शित किया जाएगा। ये चित्र गूलेर लघु चित्र शैली पर आधारित होंगे, जो हिमाचल प्रदेश की है। प्रदर्शनी में 271 चित्र शामिल हैं एवं इसके अलावा गौ एवं गोपाल चित्र प्रदर्शनी में 40 चित्र प्रदर्शित किये जाएंगे। प्रदर्शनी भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित होगी। इसके अलावा मध्यप्रदेश सरकार के एक वर्ष की यात्रा, कार्य, योजनाओं पर आधारित ''मध्यप्रदेश : विकास के एक वर्ष की उपलब्धियां पर '' प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क होगा।

 

Related Articles

Back to top button