भारत

दिल्ली-यूपी में बढ़ी ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर भारत में शीत लहर का कहर

 नईदिल्ली 
नए साल के आगाज के साथ देश में तापमान तेजी से नीचे गिरने लगा है। कई राज्यों में सर्दियों का सितम देखने को मिल रहा है। राजस्थान में पारा 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, तो वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में गलन और ठिठुरन बढ़ने लगी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। IMD ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

जम्मू कश्मीर में पहाड़ों ने बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग ने केदारनाथ, बंद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत कई जिलों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसका असर निचले इलाकों में देखने को मिल सकता है, जहां ठंड अचानक से बढ़ने की संभावना है।

यूपी में शीतलहर की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 3 जनवरी को कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जनवरी तक यूपी में शीतलहर देखने को मिल सकती है। प्रदेश में शनिवार को ठंड बढ़ने की संभावना है। यूपी से सटे बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात व सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। 4 और 5 जनवरी को बिहार में कोल्ड डे को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है।

हिमाचल में माइनस में पहुंचा तापमान

हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई, जिसके चलते कई स्थानों पर तापमान माइनस में पहुंच गया। ताबो में न्यूनतम तापमान -6.8°C दर्ज किया गया। कुल्लू-मनाली में मौसम साफ होने के बाद ऊपरी इलाकों में सड़कों पर ब्लैक आइस जमना शुरू हो गया है। प्रशासन ने रोहतांग दर्रा वाहनों के लिए बंद कर दिया है और फिसलन के कारण रोहतांग की ओर जाने वाले वाहनों को गुलाबा में रोक दिया गया। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में 8 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि 6 जनवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने राजधानी समेत आसपास के जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।

राजस्थान में लुढ़का तापमान

राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, सीकर, हनुमानगढ़ समेत 10 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन तक घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। इसके अलावा भोपाल और इंदौर में हल्की बौछार भी देखने को मिल सकती है।

यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने यूपी और बिहार में भी 9 जनवरी तक के लिए शीतलहर और कोहरे की चेतावनी जारी की है। इस बीच धूप न निकलने और आसमान में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं क कारण दोनों राज्यों में गलन और ठिठुरन बढ़ सकती है।

 

Related Articles

Back to top button