मध्यप्रदेश

आंधी के साथ हुई बारिश, नौतपा के पहले दिन नेपानगर क्षेत्र के कुछ गांवों में कच्चे मकानों के छप्पर भी उड़ गए

बुरहानपुर/नेपानगर
तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच नौतपा के पहले दिन शनिवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शाम करीब पांच बजे से तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं और कुछ स्थानों पर थोड़ी देर के लिए तेज वर्षा भी हुई। हालांकि शहर में आंधी के साथ बूंदाबांदी ही हुई है। आसमान में देर शाम तक बादलों का डेरा था। ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने की खबर थी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मौसम बदलने के कारण शनिवार को तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तेज हवा के कारण नेपानगर क्षेत्र के कुछ गांवों में कच्चे मकानों के छप्पर उड़ने के साथ दीवारें गिरने की खबर है। शहर के कादरिया स्कूल से लगा एक बड़ा पेड़ गिर जाने से स्कूल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हुई है।

पेड़ का कुछ हिस्सा पास में लगे मंडप पर भी गिरा। जिससे मंडप खोल रहा एक कर्मचारी घायल हुआ है। इसके अलावा तेज हवा के कारण केला फसल को भी नुकसान हुआ है। खकनार व शाहपुर क्षेत्र के कुछ गांवों में केले के पौधे गिरने की बात सामने आई है।

बोरसल में 13 मकानों के छप्पर उड़े
नेपानगर क्षेत्र के बोरसल गांव में शनिवार शाम तेज हवा चलने से तेरह कच्चे मकानों के छप्पर उड़ गए। साथ ही इनकी दीवारें भी गिर गई हैं। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। केला फसल को भी नुकसान पहुंचा है। इसी तरह रतागढ़, निम्ना सहित अन्य गांवों में भी केला फसल को नुकसान होने की बात सामने आई है। क्षेत्र में सात बड़े पेड़ भी गिरे हैं।

Related Articles

Back to top button