मध्यप्रदेश

तेज ठंड में भगवान को पहनाए गर्म कपड़े, चिड़ियाघर में पशु पक्षियों के लिए लगाए गए हीटर

इंदौर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

इंदौर में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी है, और मंगलवार को पहली बार शीतलहर चली। बुधवार को भी यह स्थिति बरकरार रही। ठंड के कारण खजराना गणेश मंदिर में भगवान के पूरे परिवार को गर्म कपड़े पहनाए गए हैं, जबकि चिड़ियाघर में वन्य प्राणियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौसम केंद्र के मुताबिक बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम और परसों की तुलना में 0.8 डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसों रात की तुलना में 0.1 डिग्री कम था।

भगवान के मूषक को भी पहनाए गर्म कपड़े
खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश के साथ उनके वाहन मूषक को भी मन्त्रोच्चार के साथ ऊनी कपड़े पहनाए गए। मंदिर में भगवान के सामने हीटर भी चलाए जा रहे हैं। मान्यता है कि ठंड इंसानों के साथ भगवान को भी प्रभावित करती है। इसीलिए भगवान गणेश को ठंड से बचाने के लिए ऊनी वस्त्र और खास रजाई तैयार की गई है। पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि रात 10 बजे गणेश जी को ऊनी और कंबल की पोशाक पहनाई जाती है और सुबह 6 बजे उतारी जाती है।

चिड़ियाघर में पशु पक्षियों के लिए विशेष इंतजाम
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में वन्य प्राणियों और पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए खानपान में बदलाव किया गया है। ब्लोअर, हीटर, और गर्म हवा देने वाले बल्ब लगाए गए हैं। पिंजरों को ग्रीन नेट से ढंका गया है ताकि ठंडी हवा न घुसे। सांप घर, कछुओं के इनक्लोजर, और पक्षी विहार में भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। ठंड को देखते हुए खानपान में बदलाव किया जाएगा। ब्लोअर पहले रात 12 बजे बंद कर दिए जाते थे, लेकिन अब पूरी रात चलाए जा रहे हैं। शेर और बाघ के लिए हरी नेट और वुडन फ्लोर भी लगाए गए हैं ताकि ठंडी जमीन का असर कम हो।

उत्तरी हवाओं से हुई सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बनी हुई है। उत्तर भारत में बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली ठंडी हवाओं ने इंदौर और प्रदेश के अन्य हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बना दी है। दिसंबर की शुरुआत में तापमान बढ़ा हुआ था, लेकिन पिछले चार दिनों में ठंड ने जोर पकड़ लिया। शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री था, जो गिरकर 8.7 डिग्री रह गया। यानी चार दिनों में रात के तापमान में 7.6 डिग्री की गिरावट आई।

और गिरेगा तापमान
मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा, जो पिछले 10 वर्षों में दिसंबर में दर्ज चार सालों के न्यूनतम तापमान से भी कम था। 2016, 2017, 2022, और 2023 का रिकॉर्ड टूट गया है। हालांकि 2015 में दिसंबर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अब तक का सबसे कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है, जिससे नए रिकॉर्ड बन सकते हैं।

 

Related Articles

Back to top button