मध्यप्रदेश

गर्मी का सितम जारी, दो-तीन दिन गर्मी से राहत के नहीं आसार, पारा 43 के पार

भोपाल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

गुजरात और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल समेत अनेक जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। शनिवार को नौतपा के पहले दिन भोपाल में दिन का तापमान 42.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के अधिकतम तापमान (43.7) के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस कम, लेकिन सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं रविवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। खास बात है कि भोपाल में पिछले एक हफ्ते से दिन का पारा 41 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। विगत गुरुवार को पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं 31.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात सबसे गर्म रही। भीषण गर्मी के इस दौर में फिलहाल दिन और रात का पारा लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

वहीं, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। शनिवार को सर्वाधिक के चार जिलों राजगढ़, खंडवा, खरगोन और रतलाम में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में शनिवार को मौसम केंद्र ने प्रदेश के 32 जिलों में लू चलने का आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो-तीन दिन तक मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। यानी नौतपा में सूरज के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर मप्र से होकर पूर्वी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अतिरिक्त विदर्भ पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। मध्य प्रदेश से होकर द्रोणिका के गुजरने से कुछ नमी भी आ रही है, जिसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल बने हुए हैं।

Related Articles

Back to top button