भारत

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी, भारी बारिश के कारण फ्लाइट्स तक हुईं कैंसिल

मुंबई
महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। भूस्खलन से मलबा सड़क पर आ आने के कारण रायगढ़-पुणे मार्ग पर तमहिनी घाट पर यातायात रोक दिया गया है। पुणे प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी इस पर विचार करने का आग्रह किया है। अधरवाड़ी गांव में चट्टान खिसकने से एक व्यक्ति की मौत की भी खबर सामने आ रही है। भारी बारिश के कारण कई फ्लाइट कैंसिल होने की भी संभावना प्रबल हो गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मुंबई की बात करें तो यहां भारी बारिश के कारण कई फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं। कई देरी से उड़ान भर रही हैं। राज्य के कई इलाकों में बाढ़ की वजह से ऐसी स्थिति बन आई है। मुंबई शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सात झीलों में से दो उफान पर हैं। सायन, चेंबूर और अंधेरी जैसे इलाके जलजमाव के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इंडिगो ने कहा है कि भारी बारिश के कारण उड़ानों के शेड्यूल में समय-समय पर देरी हो रही है। विमान कंपनी ने यात्रियों से हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले फ्लाइट की स्थिति की जांच करने को कहा है। एयर इंडिया ने कहा है कि भारी बारिश के कारण कुछ फ्लाइट रद्द और डायवर्ट की गई हैं। एयरलाइन ने आज की बुकिंग के लिए पूरा रिफंड या एक बार के लिए निःशुल्क यात्रा की पेशकश की है। स्पाइसजेट ने भी चेतावनी दी है कि फ्लाइट के प्रस्थान और आगमन पर असर पड़ सकता है और यात्रियों को स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है।

रायगढ़ पुलिस के हवाले से कहा है, "भूस्खलन के कारण रायगढ़-पुणे मार्ग पर तमहिनी घाट पर यातायात रोक दिया गया है। मलबा साफ होने तक अगले कुछ घंटों तक यातायात की यह स्थिति बनी रहेगी।" वहीं, पुणे के जिला कलेक्टर सुहास दिवासे ने कहा, "पश्चिमी घाट में पुणे के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो रही है। हमने सभी स्कूलों और कॉलेजों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है और हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं। हमने औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को आज एक दिन की छुट्टी दें, क्योंकि अगले तीन घंटों में पुणे क्षेत्र में भारी से मध्यम भारी बारिश हो सकती है।"

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुणे के जिला कलेक्टर ने नागरिकों से भारी बारिश में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की। खडकवासला बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण बांध गुरुवार को अपनी पूरी क्षमता पर पहुंच गया। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे प्रशासन ने पानी निकासी की गति बढ़ा दी और गुरुवार सुबह 6 बजे 40,000 क्यूसेक की दर से मुथा नदी में पानी छोड़ा गया। इससे पहले गुरुवार को ही सुबह 4 बजे 27203 क्यूसेक की गति से पानी छोड़ा गया था। नदी के किनारे रहने वाले निवासियों को सावधान रहने के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

इससे पहले बुधवार की रात को पुणे में भारी बारिश के कारण एकता नगरी और विट्ठल नगर इलाकों में स्थित घरों और इमारतों में पानी घुस गया। पुणे के अग्निशमन विभाग ने लोगों को घरों से निकालने के लिए नावें मंगवाई हैं। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अत्यधिक भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। बीएमसी ने कहा कि गुरुवार और शुक्रवार को शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। गुरुवार को दोपहर 2.51 बजे हाई टाइड की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button