मध्यप्रदेश

नागपुर-बैतूल हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी कार; 3 की मौत, 6 नागपुर रेफर

बैतूल.

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित नौ लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालु थे। वे कार क्रमांक एमएच 49 सी 4756 में सवार होकर सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पीछे जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पति-पत्नी समेत तीन की मौत
हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है। तीसरी मृत महिला की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।

9 घायल, 6 नागपुर रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को गंभीर स्थिति को देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार (10), उज्ज्वला पति मोहन (45), नीता पिता अनिल (25), अनुष्का पिता उपेंद्र (18), संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल पिता दीपक और सौरभ पिता नंदकिशोर (20) शामिल हैं।

टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था। टक्कर के कारण आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई, जबकि कार की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button