खेल

यौन शोषण के आरोप में IPL खिलाड़ी बैन, T20 लीग से बाहर

नई दिल्ली
IPL 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल के करियर पर अब गंभीर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दो अलग-अलग यौन शोषण के आरोपों ने न सिर्फ उनकी छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया है, बल्कि अब उन्हें घरेलू क्रिकेट से भी बाहर कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें आगामी यूपी टी20 लीग से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। क्रिकेट बोर्ड का यह फैसला खेल की नैतिकता और अनुशासन को बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

RCB की जीत के नायक, अब विवादों के घेरे में
27 वर्षीय यश दयाल ने आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेलते हुए 15 मैचों में 13 विकेट चटकाए थे और टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उसी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यूपी टी20 लीग की टीम गोरखपुर लायंस ने 7 लाख रुपये में खरीदा था। लेकिन अब, कानूनी पेंच में फंसने के कारण वे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।

दो मामलों में आरोपी, गिरफ्तारी का खतरा बरकरार
यश दयाल पर पहला केस गाजियाबाद में दर्ज हुआ था, जिसमें उन पर एक युवती से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगा। इसके बाद एक और बड़ा आरोप जयपुर में सामने आया, जहां एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट सांगानेर सदर थाने में दर्ज कराई गई है। राजस्थान हाई कोर्ट में दायर याचिका में यश दयाल ने गिरफ्तारी से राहत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने कोई राहत देने से इनकार कर दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 अगस्त को निर्धारित है।

  क्रिकेट करियर खतरे में, छवि को झटका
UPCA का यश दयाल को सस्पेंड करना एक साफ संकेत है कि भारतीय क्रिकेट के गलियारों में खिलाड़ियों की नैतिक जवाबदेही को अब गंभीरता से लिया जा रहा है। लीग आयोजकों का कहना है कि जब तक इन आरोपों पर अंतिम फैसला नहीं आता, तब तक वे किसी खिलाड़ी को मौका नहीं देंगे, जो विवादों में घिरा हो।

Related Articles

Back to top button