राजनीति

कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में कुमारी सैलजा गरजी, कहा- वोट की चोट से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी जनता

कालांवाली
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व के केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा के दस साल के शासन से किसान, मजदूर, दलित, व्यापारी, कर्मचारी, महिलाएं, बेरोजगार युवा सब परेशान है जो केवल 05 अक्टूबर का इंतजार कर रहे है ताकि वोट की चोट से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जा सके, जनता कांग्रेस को सत्ता में लेकर आ रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ईडी व अन्य एजेंसियों का राजनीतिक रूप से दुरुपयोग करने में जुटी है। कोर्ट भी इस चीज को लेकर टिप्पणी कर चुकी है, लेकिन यह लोग बाज नहीं आ रहे। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को जांच एजेंसियों का डर दिखाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। वे शुक्रवार को कालांवाली अनाजमंडी में कांग्रेस उम्मीदवार शीशपाल केहरवाला के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रही थी। भीड़ को देखकर हर कांग्रेस नेता गदगद दिखाई दिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज जमा भीड़ को देखकर यह सुनिश्चित है कि कांग्रेस यहां से जीत रही है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के दिन लद गए हैं और हमारा समय आने वाला है। आने वाले दिनों में क्षेत्र को फिर से चमकाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों के राज में भाजपा की असलियत जनता के सामने आ चुकी है। भाजपा हमेशा केंद्र व राज्य में सरकारों को डबल इंजन की सरकार बताती रही। इन सरकारों ने देश-प्रदेश को पीछे धकेलने का काम किया। आज हर वर्ग महंगाई, भ्रष्टाचार, गुंडाराज से त्रस्त है। किसानों सहित हर वर्ग ने अपनी मांगों के लिए दमन सहा। उन्होंने कहा कि उनके पिता चौ स्व. दलबीर सिंह के साथी आज भी उनके सामने खड़े है जिन्होंने कल भी साथ ही नहीं छोडा था और आज भी नहीं, उनका प्यार और उनका आशीर्वाद उनके साथ रहा, कांग्रेस के साथ रहा। लोकसभा चुनाव में मेरा चुनाव जनता ने लड़ा, कालांवाली की जनता ने उन्हें 43 हजार वोटों से जिताकर भेजा। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस उम्मीदवार शीशपाल केहरवाला की जीत का मार्जिन कम से कम 50 हजार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में काम होना बाकी है, उसके लिए वे जनता के दरबार में हाथ जोडकर और शीश नवांकर खड़े है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जा रही है, उसे कोई याद नहीं करेगा याद करे भी क्यों, उसने दस साल में कौन सा अच्छा काम किया है क्योंकि जनता अच्छे काम करने वालों को याद करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दस साल के राज में किसान, मजदूर, दलित, व्यापारी, कर्मचारी, महिलाएं, बेरोजगार युवा सब परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो गांरटी दी है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता किसान आज भी आंदोलन की राह पर है और कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खडी है। किसान जिसे देशद्रोही तक कहकर उसका अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाएगा। युवाओं को दो लाख खाली पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। बढते अपराध पर काबू पाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व सांसद डा. सुशील इंदौरा, पूर्व विधायक बलकौर सिंह, पूर्व विधायक हंसराज जोसन, जीत महेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, मनजीत सिंह, वीरभान मेहता, मगर सिंह ने भी विचार व्यक्त करते हुए शीशपाल केहरवाला को विजयी बनाने की अपील की। इससे पूर्व कुमारी सैलजा का जोरदार स्वागत किया गया। पगडी पहनाकर उनका सम्मान किया गया।

Related Articles

Back to top button