मनोरंजन

‘फिल्म रिलीज होने दें’— यश की टॉक्सिक विवाद पर कर्नाटक फिल्म चैंबर अध्यक्ष का बयान

कर्नाटक

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

साउथ सुपरस्टार यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ अपनी रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी है। फिल्म के टीजर में अत्यधिक उत्तेजक सीन को लेकर जहां महिला संगठनों ने विरोध जताया है। वहीं ईसाई समुदाय ने भी फिल्म के कुछ सीन पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की है। इन विवादों पर अब कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स की अध्यक्ष का बयान सामने आया है।

टीजर के बाद ही राय बनाना जल्दबाजी
मीडिया से बात करते हुए कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स की अध्यक्ष जयमाला का कहना है कि जनता को केवल टीजर के आधार पर निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा, 'टॉक्सिक' के टीजर को लेकर शिकायतें आई हैं, लेकिन मुझे ठीक से नहीं पता कि इसमें क्या गड़बड़ है। टीजर तो सिर्फ एक झलक होती है, जिसका मकसद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाना होता है। सेंसर बोर्ड द्वारा समीक्षा किए जाने से पहले फिल्म पर चर्चा करना जल्दबाजी होगी। फिल्म निर्माता अपने काम में करोड़ों रुपये लगाते हैं और दर्शकों को अपनी राय बनाने से पहले पूरी फिल्म देखनी चाहिए।’

मेकर्स ने आरोपों से किया इनकार
जयमाला ने आगे बताया कि फिल्म के निर्माताओं ने अपमानजनक या अश्लील सामग्री के आरोपों से इनकार किया है। फिल्म की रिलीज से पहले समीक्षा और प्रमाणन होना बाकी है। इसलिए शिकायतों का निपटारा उचित नियामक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।

टीजर के बाद उठे ये विवाद
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ‘टॉक्सिक’ के टीजर में कब्रिस्तान के बाहर खड़ी एक कार में यश का एक महिला के साथ अत्यधिक उत्तेजक यौन दृश्य दिखाया गया। इसके बाद कब्रिस्तान में हिंसक गोलीबारी का दृश्य आता है। वहां पर कई धार्मिक मूर्तियां हैं, जिनमें एंजल माइकल की प्रतिमा भी शामिल है।

नेशनल क्रिश्चियन फेडरेशन ने फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ-साथ राज्य सरकार के मुख्य सचिव, गृह सचिव और सीबीएफसी से भी 'टॉक्सिक' के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। वहीं महिला संगठनों ने भी फिल्म के मेकर्स के खिलाफ इस सीन के माध्यम से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
 
‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होगा ‘टॉक्सिक’ का मुकाबला
गीतु मोहनदास द्वारा निर्देशित 'टॉक्सिक' में यश राया के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी भी यश और गीतू ने मिलकर लिखी है। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘टॉक्सिक’ का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' से होगा।

Related Articles

Back to top button