मध्यप्रदेश

सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है सरकार- राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

 

अनूपपुर
मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान इसी संकल्प का सशक्त प्रतीक है। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल आज अनूपपुर नगर स्थित आईटीआई अनूपपुर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री  जायसवाल ने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राही आगे बढ़कर उनका लाभ उठाएं। साथ ही, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि शिविर में सभी विभागीय अधिकारी सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ मिले, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्टर  झा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मैदानी अमला सजगता, सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें और अनूपपुर जिला विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों, उपलब्धियों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र हितग्राहियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप से प्राप्त हो सकी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के 4 हितग्राहियों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 1 हितग्राही, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 4 हितग्राहियों, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड योजना के 4 हितग्राहियों तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के 3 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। इसके साथ ही उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के 2 हितग्राहियों तथा मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को भी हितलाभ प्रदान किए गए। इस अवसर पर 4 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।

Related Articles

Back to top button