मध्यप्रदेश

मंत्री सारंग ने तृतीय दिग्विजय सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का किया शुभारंभ

भोपाल
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को मध्यप्रदेश शूटिंग एकेडमी, भोपाल में तृतीय दिग्विजय सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग ने शूटिंग अकादमी में नवनिर्मित रिसेप्शन भवन और स्टाफ क्वार्टर एवं मध्यप्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी में बने स्टॉफ क्वार्टर और अस्तबल का लोकार्पण भी किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मंत्री श्री सारंग ने स्व. श्री दिग्विजय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. श्री दिग्विजय सिंह एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने 1999 से 2010 तक एनआरएआई (नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष के रूप में शूटिंग खेल को प्रोत्साहन देने के लिए सराहनीय कार्य किए। उनकी स्मृति में आयोजित यह चैंपियनशिप प्रदेश के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और बेहतर अवसर प्रदान करेगी।

खेलों के प्रति अभिभावकों की सकारात्मक सोच से आयेगा बदलाव
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत 2047" के संकल्प को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेलों से जुड़ाव उन्हें एक बेहतर भविष्य प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि खेलों में युवाओं को आकर्षित करने के लिए अभिभावकों को अपनी सोच में सकारात्मक बदलाव लाना होगा। उन्हें यह विश्वास दिलाना होगा कि खेलों में उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित है। इसके लिये विभाग द्वारा अनेक कार्यक्रम एवं योजनाएं प्रारंभ की गई है, जिसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे।

मध्यप्रदेश में खिलाड़ियों के लिये विश्व स्तरीय खेल अधोसंरचना
मंत्री श्री सारंग ने शूटिंग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के शूटिंग खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक एवं पैरालंपिक में पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि भारतीय ओलंपिक शूटिंग टीम के खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किए हैं। यह उपलब्धि प्रदेश की खेल अधोसंरचना और हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल और खिलाड़ियों के विकास के प्रति यह प्रतिबद्धता ही मध्यप्रदेश को खेलों का उत्कृष्ट केंद्र बना रही है।

प्रतिभागी खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
मंत्री श्री सारंग ने चैंपियनशिप में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

 

Related Articles

Back to top button