हमर छत्तीसगढ़

रांची में भाजपा की ‘तिरंगा यात्रा’, बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी पर तीखा हमला

रांची

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले बुधवार को यहां 'तिरंगा यात्रा' में भाग लिया। करीब दो किलोमीटर की यह रैली रांची के मोरहाबादी इलाके से भाजपा की युवा शाखा ने निकाली।

यह रैली कचहरी चौक और शहीद स्मारक चौक सहित शहर के कई इलाकों से गुजरी और अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुई। रैली का मुख्य आकर्षण 940 फुट लंबा तिरंगा झंडा था। भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, एनसीसी कैडेट, पेशेवर और आम लोग भी इस यात्रा में शामिल हुए। झारखंड भाजपा प्रमुख ने कहा कि देश के वीर सैनिकों के सम्मान में पूरे देश में ऐसे जुलूस निकाले जा रहे हैं। मरांडी ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे बहादुर सैनिकों ने जिस तरह अपनी वीरता का परिचय दिया, उससे न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया चकित है। आज हमारे सैनिकों के सम्मान में पूरे देश में 'तिरंगा यात्रा' निकाली जा रही है।''

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर मरांडी ने दावा किया, ‘‘वे (कांग्रेस कार्यकर्ता) बेरोजगार थे। अब उन्हें किसी तरह का रोजगार मिल गया है। राहुल गांधी पिछले 11 वर्षों से बेरोजगार हैं। लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया है।'' उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की विसंगति है तो निर्वाचन आयोग एसआईआर के माध्यम से उसे ठीक करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आयोग हर राजनीतिक दल को मतदाता सूची का मसौदा उपलब्ध कराता है और पूछता है कि क्या उसमें कोई सुधार की आवश्यकता है? सुधार प्रस्तुत करने के बजाय, कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन कर रही है।"

 

Related Articles

Back to top button