राजनीति

राधिका खेड़ा और प्रसिद्ध अभिनेता शेखर सुमन ने भाजपा का दामन थामने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की

 
नई दिल्ली
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय मीडिया को-ऑर्डिनेटर राधिका खेड़ा और प्रसिद्ध अभिनेता शेखर सुमन ने मंगलवार को भाजपा का दामन थामने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा के आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख संजय मयूख भी मौजूद रहें। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और संजय मयूख की मौजूदगी में राधिका खेड़ा और शेखर सुमन ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

पार्टी मुख्यालय में राधिका खेड़ा और शेखर सुमन का भाजपा में स्वागत करते हुए राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि राधिका खेड़ा कांग्रेस की प्रखर प्रवक्ता के रूप में कार्यरत रही हैं, गत दिनों उनके साथ कांग्रेस पार्टी में जो दुर्व्यवहार हुआ, उसकी जानकारी उन्होंने स्वयं दी है और उन्होंने खुल कर अपनी बात कही है।

तावड़े ने कहा कि शेखर सुमन बेहतरीन अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने कई सफल फिल्में दी हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों व्यक्तियों का भाजपा से जुड़ना पार्टी को और ज्यादा मजबूती प्रदान करेगा और ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत ' के संकल्प सिद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

भाजपा में शामिल होने के बाद राधिका खेड़ा ने सबको 'जय श्रीराम' कहते हुए कहा कि वह आज यहां मंच पर इसलिए बैठी हैं क्योंकि छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी की गारंटी वाली सरकार है। खेड़ा ने कांग्रेस पार्टी के सनातन विरोधी रुख पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि रामलला से आशीर्वाद लेने के लिए अपने परिवार के साथ राम मंदिर जाने और उनकी हिंदू एवं सनातनी मान्यताओं के कारण कांग्रेस द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

भाजपा में शामिल होने के बाद अभिनेता शेखर सुमन ने भी प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र कल्याण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने और शब्दों को कार्यों में बदलने का प्रण लिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत में पिछले दशक में विकास के अभूतपूर्व आयाम स्थापित हुए हैं और देश की स्थिति और भाग्य में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। यह उन प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि वे विकसित भारत की प्रगति का हिस्सा बनकर इसमें योगदान करें जो देश में बदलाव लाना चाहते हैं।

 

Related Articles

Back to top button