मध्यप्रदेश

आरपीएफ ने ₹70 हजार मूल्य का लैपटॉप व महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग यात्री को सकुशल लौटाया

आरपीएफ ने ₹70 हजार मूल्य का लैपटॉप व महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग यात्री को सकुशल लौटाया

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

भोपाल
रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं उनके खोए हुए सामान को शीघ्रता से वापस दिलाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संचालित 'ऑपरेशन अमानत' के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट हरदा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग ₹70,000 मूल्य का लैपटॉप, चार्जर एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग खोजकर उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित वापस सौंप दिया।

 आरपीएफ पोस्ट हरदा में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रूपेन्द्र बुवाड़े को यात्री के परिजनों द्वारा सूचना दी गई कि हर्ष राठौर (20 वर्ष), निवासी ग्राम नागझिरी, जिला खरगोन ने खंडवा से भोपाल जाने के लिए गाड़ी संख्या 17020 में सामान्य टिकट पर यात्रा प्रारंभ की थी। यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह दूसरी ट्रेन से भोपाल जाने के लिए उतर गया और जल्दबाजी में अपना पिट्ठू बैग, जिसमें एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, ट्रेन के सामान्य कोच में सीट के ऊपर ही भूलवश छोड़ गया।

सूचना प्राप्त होते ही एएसआई रूपेन्द्र बुवाड़े एवं प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी ने गाड़ी संख्या 17020 के हरदा स्टेशन पहुंचने पर संबंधित सामान्य कोच की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उक्त बैग सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट हरदा लाया गया तथा तत्काल यात्री को इसकी सूचना दी गई।

यात्री के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने पर आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत बैग में रखे एचपी कंपनी के लैपटॉप, चार्जर, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं अन्य सामान, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹70,000 थी, विधिवत सुपुर्दगीनामा तैयार कर यात्री को सौंप दिया गया।

अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री एवं उसके परिजनों ने रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आरपीएफ का आभार व्यक्त किया।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा सामान खोने की सूचना तुरंत निकटतम आरपीएफ पोस्ट अथवा रेल मदद के माध्यम से दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

Related Articles

Back to top button