मनोरंजन

अमेरिकी सिंगर मारिया कैरी की मां और बहन की एक ही दिन मौत, सदमे में सिंगर

न्यूयॉर्क

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

अमेरिकी सिंगर, सॉन्‍गराइटर और एक्‍ट्रेस मारिया कैरी के साथ एक अनहोनी हुई है। पांच बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुकी 55 साल की सिंगर की मां और बहन की एक ही दिन मौत हो गई है। यह घटना बीते वीकेंड की है, जिसके बाद मारिया कैरी सदमे में हैं। सिंगर ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया है कि मां पेट्रीसिया कैरी और बहन एलिसन कैरी की मौत एक ही दिन हुई। 'विदाउट यू' फेम मारिया ने इस बेहद इमोशनल बयान में कहा है कि उनका दिल टूट चुका है और वह लोगों से यही आग्रह करना चाहती हैं कि वो इस 'असंभव समय' में उनकी 'निजता का सम्‍मान' करें।

'पीपुल्स मैगजीन' को दिए अपने इस बयान में मारिया कैरी ने कहा, 'मेरा दिल टूट गया है कि मैंने पिछले वीकेंड में अपनी मां को खो दिया है। दुख की बात है कि मेरी बहन ने भी उसी दिन अपनी जान गंवा दी। मैं खुद को धन्य महसूस करती हूं कि मैं अंतिम घड़ी में अपनी मां के साथ थी। मैं इस असंभव से लग रहे वक्‍त में सभी के प्यार और समर्थन के साथ-साथ अपनी निजता के सम्मान का आग्रह करती हूं।' हालांकि, सिंगर ने इसमें मौत के कारणों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

3 साल की उम्र में अलग हो गए थे माता-पिता
मारिया कैरी तब महज 3 साल की थीं, जब उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। साल 2002 में उनके पिता अल्फ्रेड रॉय कोरी की एक दुर्लभ प्रकार के कैंसर से मृत्यु हो गई थी। मारिया ने इससे पहले 2020 में अपनी आत्मकथा 'द मीनिंग ऑफ मारिया कैरी' में अपनी मां के साथ अपने तनावपूर्ण संबंधों के बारे में खुलकर बात की थी। इसमें मारिया ने लिखा, 'मेरे जीवन के कई पहलुओं की तरह, मेरी मां के साथ मेरा सफर विरोध और तनाव से भरा रहा है। हमारा रिश्‍ता हमेशा ग्रे-शेड में रहा।'

भाई-बहन से भी अच्‍छे नहीं रहे मारिया के संबंध
मारिया कैरी के संबंध अपने भाई-बहनों से भी बहुत अच्‍छे नहीं रहे। उन्होंने अपने भाई मॉर्गन कैरी और दिवंगत बहन एलिसन कैरी के साथ अपने तनावपूर्ण संबंधों पर भी आत्‍मकथा में काफी कुछ लिखा है। वह लिखती हैं कि मन की शांति के लिए उन्‍हें डॉक्‍टर ने इन रिश्‍तों और परिवार के बारे में फिर से सोचने को कहा था। भाई और बहन से भी उनकी अपेक्षाएं रहीं, जो कभी पूरी नहीं हुईं।

बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ चुकी हैं मारिया कैरी
निजी जीवन में मारिया खुद दो बच्‍चों की मां हैं। वह तलाकशुदा हैं। उन्‍होंने दो बार शादी की और दोनों बार उनका तलाक हुआ। अप्रैल 2018 में मारिया कैरी ने खुलासा किया था कि वह 'बाइपोलर II डिसऑर्डर' से जूझ चुकी हैं और इसके लिए थेरेपी सेशन और दवाएं ले चुकी हैं। सिंगर ने बताया कि 2001 में उनकी यह समस्‍या खत्‍म हो गई।

Related Articles

Back to top button