भारत

कांग्रेस सांसद गोगोई ने गडकरी से जोरहाट में राजमार्ग का काम पूरा कराने का अनुरोध किया

जोरहाट
 कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से जोरहाट में तियोक-शिवसागर राजमार्ग पूरा करने के लिए हस्तक्षेप करने और तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

गोगोई ने कहा कि इस राजमार्ग की हालत ‘‘खराब’’ है।

इस निर्माणाधीन राजमार्ग के निर्माण स्थल से एक वीडियो जारी करते हुए गोगोई ने कहा कि कई वर्षों से काम अटका है और आए दिन दुर्घटनाएं तथा बड़ी देर तक, दूर दूर तक यातायात जाम आम बात हो गयी है।

यह राजमार्ग जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है जिसका प्रतिनिधित्व गोगोई करते हैं।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि तियोक-शिवसागर राजमार्ग जोरहाट क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सड़क है जो ‘कनेक्टिविटी’ को बढ़ावा देने के लिए अहम है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, ‘‘सड़क के कई हिस्सों पर काम पिछले कई वर्षों से ‘चल रहा’ है। सड़क की हालत खराब है। आए दिन दुर्घटनाओं से लेकर बड़ी देर तक, दूर दूर तक यातायात जाम सहित राजमार्ग के इस हिस्से में कई समस्याएं हैं।’’

उन्होंने कहा कि लोगों को काफी असुविधा हो रही है।

गोगोई ने कहा, ‘‘मैं माननीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप करने तथा तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि गडकरी ने हाल ही में जोरहाट का दौरा किया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि काम जल्द से जल्द पूरा हो जाए और लोगों को बेवजह परेशानी न उठानी पड़े।

 

 

Related Articles

Back to top button