खेल

स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा- सुपर आठ में भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं कुलदीप यादव

नई दिल्ली
 न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग का मानना है कि टी20 विश्व कप के सुपर 8 के चरण में वेस्टइंडीज की पिचों से टर्न मिलने की संभावना है और ऐसे में विकेट लेने की अपनी क्षमता के कारण बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। भारत अभी तक टूर्नामेंट में तीन तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह तथा दो स्पिनरों रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल के साथ मैदान में उतरा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

फ्लेमिंग ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, अगर विकेटों से टर्न मिलता है जैसा कि टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ उम्मीद की जा रही है, तो फिर कुलदीप इसमें विकेट लेने की अतिरिक्त क्षमता जोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, उनके पास अभी दोनों तरह के संयोजन आजमाने का मौका है जो कि अच्छा है लेकिन खेल में आप लकीर का फकीर बनकर नहीं रह सकते जिससे कि आप परिस्थितियों का फायदा उठाने से चूक जाओ।

भारत को सुपर 8 में अपना पहला मैच गुरुवार को बारबाडोस में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है। भारत अभी तक बाएं हाथ के दो स्पिनर के साथ उतरा है। इनमें अक्षर को सफलता मिली लेकिन जडेजा तीन मैच में केवल तीन ओवर ही कर पाए। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लंबे समय से कोच रहे फ्लेमिंग को एक ही विधा के दो खिलाड़ियों को टीम में रखने में कोई आपत्ति नहीं है।

उन्होंने कहा, मिशेल सेंटनर और जडेजा चेन्नई के लिए इसी तरह की भूमिका निभाते हैं और कुछ अवसरों पर हमारे लिए एक ही तरह के गेंदबाजों से आठ ओवर करवाना मुश्किल काम हो जाता है। वे एक ही तरह के कौशल वाले गेंदबाज हैं लेकिन उनमें भिन्नता भी है और अगर परिस्थितियों अनुकूल हों तो दोनों खतरनाक साबित हो सकते हैं। फ्लेमिंग ने कहा, इसलिए भारत उनके ऑलराउंड कौशल और गेंदबाजी कौशल के कारण उन्हें मौका दे रहा है। जडेजा परिस्थितियां अनुकूल होने पर बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं जैसा कि हम वर्षों से देख रहे हैं। जहां तक अक्षर का सवाल है तो वह न्यूयॉर्क जैसी कुछ अलग तरह की परिस्थितियों में आक्रमण को मजबूत बनाते हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button