मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव का नाम अगले सप्ताह तय हो जाएगा, राजेश राजौरा के साथ एक और नाम चर्चा में

भोपाल
मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव का नाम अगले सप्ताह तय हो जाएगा। 30 सितंबर को मुख्य सचिव वीरा राणा सेवानिवृत्त हो जाएंगी। इसके पहले सरकार विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी नियुक्त कर देगी। इस पद के लिए 1989 बैच के अधिकारी अनुराग जैन और 1990 बैच के अधिकारी अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा के नाम चर्चा में हैं। अनुराग जैन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पसंद का अधिकारी माना जाता है और उन्हें भारत सरकार में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाती रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डा.राजेश राजौरा को अपना अपर मुख्य सचिव बनाकर न केवल उन पर भरोसा जताया बल्कि कद भी बढ़ाया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

माना जा रहा है कि इन दोनों अधिकारी में से ही एक मुख्य सचिव बनाया जाएगा। प्रदेश के नए मुख्य सचिव के लिए 1989 बैच के अधिकारी मोहम्मद सुलेमान के साथ 1990 बैच के अपर मुख्य सचिव गृह, जेल और परिवहन एसएन मिश्रा का नाम भी चर्चा में था। सरकार ने सुलेमान को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाने के बाद कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार देकर संकेत दिया कि वे विचार क्षेत्र में नहीं हैं। उधर, एसएन मिश्रा की छवि सुलझे अधिकारी की है। यही कारण है कि उन्हें गृह, परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं लेकिन उनकी संभावनाओं के आड़े सेवानिवृत्ति में बचा कम समय है। वे जनवरी 2025 में सेवानिवृत्त होंगे। उधर, अनुराग जैन के पास अगस्त 2025 तक का समय है, इसलिए उनके नाम की चर्चा है।

वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सचिव के तौर पर काम कर चुके हैं तो कमल नाथ सरकार में वित्त विभाग की बागडोर संभाल रहे थे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर उन्हें हमेशा महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। वर्तमान में सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के सचिव हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी चर्चा भी हो चुकी है। उधर, राजौरा के पक्ष में उनकी कार्यशैली और निर्विवादित छवि है। मुख्यमंत्री ने उन पर सिंहस्थ 2028 के आयोजन की तैयारी और मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव बनाकर भरोसा जताया है। वे मई 2027 में सेवानिवृत्त होंगे। इस दृष्टि से सर्वाधिक समय उनके पास ही है। यही कारण है कि उन्हें मुख्य सचिव बनाए जाने की प्रबल संभावना है।

नीरज मंडलोई बनाए जाएंगे अपर मुख्य सचिव
मुख्य सचिव वीरा राणा के सेवानिवृत्त होने पर मुख्य सचिव वेतनमान का एक पद रिक्त होगा। इस पर 1993 बैच के प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई को अपर मुख्य सचिव पद पर पदोन्नत किया जाएगा। वहीं, इसी बैच के अनुपम राजन को नवंबर 2024 में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास मलय श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने पर पदोन्नति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button