मध्यप्रदेश

दमोह शहर की सड़कों पर घूमे केंद्रीय मंत्री खटीक ने लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना

दमोह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

दमोह शहर की सड़कों पर गुरुवार रात लोगों ने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक को पैदल चलते हुए देखा तो अचरज में पड़ गए, क्योंकि वह आम लोगों की तरह से सबसे मिल रहे थे। जैसे ही लोगों को जानकारी लगी कि यह तो केंद्रीय मंत्री हैं, जो अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। फिर क्या था मंत्री से मुलाकात करने लोगों की भीड़ लग गई। शहर के कई चौराहों से पैदल चलते हुए वह वापस सर्किट हाउस पहुंचे।

दरअसल गुरुवार शाम टीकमगढ़ सांसद और भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक दमोह पहुंचे। यहां उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होना था, लेकिन अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे में कई लोगों की मौत के बाद उन्होंने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और घटना पर दुख जताया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा घटना बेहद दुखद है इस दुख की घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मंत्री खटीक ने अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की इसके बाद वह पैदल शहर की सड़कों पर घूमने निकल गए।

सर्किट हाउस से बेलाताल, वीआईपी मार्ग, सिविल वार्ड से वापस होकर कोतवाली चौक, घंटाघर चौक पहुंचे जहां उन्होंने लोगों के साथ मिलकर गन्ने का जूस पिया। मंत्री खटीक को इस तरह सामान्य व्यक्ति की तरह घूमते देख लोग सहजता से उनके पास पहुंचे और मुलाकात की। यह नजारा देखने लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद बकौली चौक होते हुए अस्पताल चौराहे पर संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों से औषधि संबंधित जानकारी ली अधिकांश दवाएं उपलब्ध होने पर खुशी जाहिर की साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा जो यह जन औषधि केंद्र बनाए गए उससे आमजन को बहुत ही लाभ मिल रहा है। इसके बाद मंत्री सीधे सर्किट हाउस पर रवाना हुए। इस दौरान सीएसपी अभिषेक तिवारी, कोतवाली टी आई मनीष कुमार मौजूद रहे। रात्रि विश्राम करने के बाद शुक्रवार सुबह मंत्री वीरेंद्र खटीक सतधरू योजना का निरीक्षण करने निकल गए।

 

 

Related Articles

Back to top button