भारत

थोक महंगाई दर दिसंबर महीने में बढ़कर 2.37 फीसदी पर पहुंची

नई दिल्ली

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

दिसंबर माह में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित थोक महंगाई दर बढ़कर 2.37 फीसदी पर आ गई। इससे पहले नवंबर में थोक महंगाई दर 1.89 फीसदी पर थी जबकि अक्टूबर में यह 2.36 फीसदी थी। वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया कि प्याज, आलू, अंडे, मांस-मछली और फलों की थोक में कीमतें बढ़ने की वजह से डब्ल्यूपीआई पर आधारित थोक महंगाई दर दिसंबर में बढ़कर 2.37 फीसदी पर पहुंच गई है।

डब्ल्यूपीआई आधारित महंगाई दर नवंबर 2024 में 1.89 फीसदी थी, जबकि दिसंबर, 2023 में यह 0.86 फीसदी रही थी। खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर दिसंबर, 2024 में घटकर 8.47 फीसदी रह गई जबकि नवंबर में यह 8.63 फीसदी थी। सब्जियों की महंगाई नवंबर में 28.57 फीसदी के मुकाबले दिसंबर में 28.65 फीसदी रही। आलू की महंगाई 93.20 फीसदी के उच्चतम स्तर पर बनी रही जबकि प्याज की महंगाई दिसंबर में बढ़कर 16.81 फीसदी हो गई है।

मंत्रालय के जारी आंकड़ों के मुताबिक खाद्य पदार्थों में अनाज, दालें, गेहूं की महंगाई दिसंबर में कम हुई है। इसी तरह ईंधन और बिजली की महंगाई दिसंबर में घटकर 3.79 फीसदी हो गई जो नवंबर में 5.83 फीसदी थी। इसके अलावा विनिर्मित वस्तुओं में महंगाई 2.14 फीसदी रही, जबकि नवंबर में यह दो फीसदी पर थी।

उल्‍लेखनीय है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा महंगाई दर  जारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य कीमतों में कमी की वजह से दिसंबर, 2024 में घटकर चार महीने के निचले स्तर 5.22 फीसदी पर आ गई है।

 

Related Articles

Back to top button