मध्यप्रदेश

भोपाल में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के लिए 7 घाटों पर इंतजाम, क्रेन और गोताखोर तैनात

भोपाल
 मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन में सिर्फ एक दिन शेष है। आज मंगलवार को शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित घाटों पर किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने सात विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाएं की हैं।इनमें रानी कमलापति घाट, प्रेमपुरा घाट, खटलापुरा घाट, शाहपुरा घाट, मालीखेड़ी घाट, हथाईखेड़ा डेम और संत हिरदाराम नगर-बैरागढ़ विसर्जन घाट शामिल हैं।विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा, सफाई, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मूर्तियों को पानी में उतारने के लिए क्रेन और सुरक्षा के लिए गोताखोरों और नाव भी तैनात रहेंगी। इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर सफाई, गड्ढों की मरम्मत और रास्ते में बाधा बनने वाली अस्थायी दुकानों को हटाने की तैयारी की गई है।

अधिकारी करेंगे मॉनीटरिंग
विसर्जन के बाद घाटों पर जमा पूजन सामग्री और मूर्तियों के अवशेष भी हटाए जाएंगे। निगम ने प्रत्येक घाट पर अधिकारियों की तैनाती के साथ सफाई, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। नगर निगम ने सभी विसर्जन स्थलों पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई है, ताकि व्यवस्था संभालने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रत्येक घाट पर प्रभारी अधिकारी और सहायक प्रभारी भी तैनात रहेंगे। फायर, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य और जोनल अमले की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम में भी निगम अधिकारी तैनात रहेंगे।

विसर्जन के बाद तत्काल निकाले जाएंगे मूर्तियों के अवशेष
मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के लिए नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने रविवार को विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चल समारोह मार्गों और विसर्जन घाटों पर पर्याप्त मात्रा में प्रकाश व्यवस्था की जाए। विसर्जन के लिए क्रेन सहित अन्य संसाधन, साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था को निरंतर उच्च स्तरीय बनाए रखें।

विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेष तत्काल हटाए जाएंगे। चल समारोह मार्गों से अस्थायी दुकानें और ठेले हटाने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और आवारा पशुओं को हटाया जाए।

सात विसर्जन घाटों पर इन अधिकारियों की जिम्मेदारी

– रानी कमलापति घाट – तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त

– हथाईखेड़ा डेम – वरुण अवस्थी, अपर आयुक्त

– शाहपुरा घाट – अमन मिश्रा, अपर आयुक्त

– संत हिरदाराम नगर-बैरागढ़ घाट – अभिषेक सिंह, अपर आयुक्त

– मालीखेड़ी घाट – वरुण बडेरिया, अपर आयुक्त

– प्रेमपुरा घाट – संतोष गुप्ता, मुख्य अभियंता

– खटलापुरा घाट – भुवन गुप्ता, उपायुक्त और विजय तिवारी, सहायक आयुक्त

त्योहारों पर सुरक्षा के लिए निगम अलर्ट, एडवाइजरी जारी
नवरात्रि, गरबा-डांडिया, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने एडवाइजरी जारी की है। निगम आयुक्त द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, आठ अक्टूबर को न्यू मार्केट में हुई अग्नि दुर्घटना जैसी घटनाओं की पुनर्रावृत्ति को रोकने के लिए सभी फायर स्टेशन अलर्ट मोड पर रहेंगे और फायर अमले के अवकाश त्योहार अवधि में निरस्त कर दिए हैं।

शहर के प्रमुख बाजारों में फायर हाइड्रेंट सिस्टम की जांच एवं फायर माकड्रिल की जा रही है। रावण दहन स्थल के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कर दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखें। बिजली की लाइन, आवासीय भवनों, पेट्रोल पंप एवं संकरी गलियों के निकट दहन न करें।

विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा में ही निकालें। घाटों पर गहरे पानी में न उतरें, निगम द्वारा तैनात दल एवं क्रेन की सहायता लें। घरों एवं दुकानों में दीपक, मोमबत्ती व सजावटी बिजली की लड़ियों का उपयोग सावधानी से करें। आपात स्थिति में 101, 112 या निगम फायर कंट्रोल रूम 0755-2542222 पर सूचना दें।

    मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान बैरिकेडिंग, क्रेन, गोताखोर और नावों की व्यवस्था रहेगी। विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेष तत्काल हटाए जाएंगे। चल समारोह मार्गों पर सफाई, रोशनी और यातायात सुचारु रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।– संस्कृति जैन, आयुक्त, नगर निगम

 

Related Articles

Back to top button