खेल

हार्दिक पंड्या का विकल्प ढूंढने में समय बर्बाद न करे टीम इंडिया: सुनील गावस्कर की दोटूक

नई दिल्ली
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2-2 की बराबरी पर छूटी पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम संयोजन को लेकर बड़ा बयान दिया है। गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को हार्दिक पंड्या का सीधा विकल्प तलाशने के पीछे ज्यादा समय गंवाने की जगह ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना चाहिए जो अलग-अलग भूमिकाएं निभा सकें। गावस्कर ने कहा, 'हम कभी-कभी हार्दिक का विकल्प ढूंढने में कुछ ज्यादा ही जुट जाते हैं। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। अगर आपको उनकी क्षमता का खिलाड़ी नहीं मिलता है, तो ऐसे खिलाड़ी के साथ आगे बढ़िए जो टीम के लिए थोड़ी अलग भूमिका निभा सके।'

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

नमन धीर और अक्षर पटेल का दिया उदाहरण
गावस्कर ने युवा खिलाड़ी नमन धीर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं। निर्णायक मैच में नमन धीर की 6 गेंदों पर नाबाद 24 रन की तूफानी पारी का जिक्र करते हुए गावस्कर ने कहा, 'नमन धीर बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और दो-तीन ओवर गेंदबाजी भी संभाल सकते हैं। वहीं अक्षर पटेल अपने 4 ओवर पूरे करने की क्षमता रखते हैं।' गावस्कर ने जोर देकर कहा कि इस सीरीज से भारत को सीख लेनी चाहिए कि टीम को कम से कम चार नियमित गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना चाहिए, जबकि पांचवें और छठे गेंदबाज की भूमिका ऑलराउंडर निभा सकते हैं।

बल्लेबाजी की गहराई के चक्कर में गेंदबाजी कमजोर करने पर चेताया
पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज ने आगाह किया कि बैटिंग लाइन-अप को आठवें नंबर तक लंबा करने की कोशिश में भारत अपनी गेंदबाजी को कमजोर कर रहा है। गावस्कर ने कहा, 'जब आप आठवें नंबर तक बल्लेबाजी लेकर उतरते हैं, तो अपनी गेंदबाजी को कमजोर कर देते हैं और इसी वजह से आपको हार का सामना करना पड़ता है।' बारिश के कारण रद्द हुए 9-9 ओवर के मैच पर निराशा जताते हुए उन्होंने कहा कि छोटे फॉर्मेट में भारतीय गेंदबाजों को परखने का मौका नहीं मिला। इसके अलावा उन्होंने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी कि वे स्पिनरों का आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए उन्हें लगातार सपोर्ट करें।

फैंस को हार्दिक का इंतजार
हार्दिक पांड्या काफी लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर हैं। चोट के कारण वह वापसी नहीं कर पा रहे हैं। हार्दिक बेंगलुरु स्थित एनसीए (NCA) में अपने रिहैब पर काफी जोरों-शोरों से काम कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय फैंस को उनका इंतजार है कि वह जल्द से जल्द टीम इंडिया में वापसी करें और एक बार फिर से भारत को मैच जिताएं।

 

Related Articles

Back to top button