
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर के बेहतराई स्टेडियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से खुलकर बात की और उनके सवालों के जवाब दिए। साथ ही यह भी बताया कि उनके चेहरे की चमक का राज क्या है।
रायगढ़ से आये युवा संग्राम सिंह ने मुख्यमंत्री से पूछा कि आपके चेहरे की चमक का राज क्या है। मुख्यमंत्री ने उत्तर दिया कि मेरे चेहरे की चमक का राज छत्तीसगढ़ के 3 करोड़ जनता की दुआ है। कोरबा से आई कविता ने बताया कि हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति को सहेजने के लिए बड़ा काम मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किया है। साइंस कालेज बिलासपुर के छात्र प्रियांशु दुबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा हर समस्या का समाधान निकाल सकते हैं। प्रदेश में युवा ऊर्जा के लिए बहुत सकारात्मक माहौल है।
तब कलेक्टर थेअजीत जोगी और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल थे स्टूडेंट
सक्ती के हसौद महाविद्यालय की अंतिम वर्ष की छात्रा दर्शनी रात्रे ने कहा कि मैं कालेज स्टूडेंट हूं, सभी के कॉलेज जीवन में कुछ न कुछ किस्सा होता है, मुख्यमंत्री जी आपके कालेज जीवन का कौन सा यादगार किस्सा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मैं साइंस कॉलेज, रायपुर में मैथ्स लेकर पढ़ रहा था। तीन हॉस्टल थे। किसी भी हॉस्टल में पंखा नहीं था, हमने तीनों हॉस्टल में पंखा लगाने की मांग लेकर प्रदर्शन किया। श्री अजीत जोगी जी उस दौरान कलेक्टर थे, वो आए और हमारी बात सुनी और 8 दिनों में हमारी मांग पूरी हो गई।
युवाओं ने की माँग, मुख्यमंत्री ने की पूरी
सारंगढ़ से आई एक छात्रा ने कहा कि उनके कालेज में बाटनी में पीजी होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले सत्र से इसे आरंभ कर देंगे। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में महाविद्यालय आरंभ करने के लिए युवाओं ने धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विभाग में वैकेंसी जल्द ही निकाली जाएंगी। मुंगेली की एक छात्रा ने पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की माँग की। मुख्यमंत्री ने इसे पूरा करने की घोषणा की।
सीजीपीएससी की तैयारी के लिए बिलासपुर में खोलेंगे हास्टल
मुख्यमंत्री से एक छात्रा ने कहा कि बिलासपुर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा बाहर से सीजीपीएससी की तैयारी करने आते हैं। इनके लिए एक हॉस्टल हो जाएगा तो बहुत अच्छी व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा सुझाव है। अगले सत्र से हॉस्टल की सुविधा हो जाएगी।



