मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को जन्मजयंती पर किया नमन

भोपाल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली, आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे। उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर उनकी पावन जन्मजयंती के अवसर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का त्याग, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, आत्मसम्मान और देशभक्ति का संदेश देते रहेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंद्रशेखर उद्यान से 'आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा' का शुभारंभ किया। मशाल यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा आजाद कुटिया (आजाद स्मृति मंदिर) तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति का उदाहरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजाद स्मृति मंदिर में प्रदर्शित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन वृत्तांत का अवलोकन किया। उन्होंने उनके जन्म, बाल्यकाल, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा राष्ट्र के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी का अवलोकन करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद का संपूर्ण जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श सदैव देशवासियों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने वहां प्रदर्शित 'आज़ाद कथा' का भी अवलोकन किया। उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन, क्रांतिकारी गतिविधियों, काकोरी कांड, सांडर्स वध, हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी में उनके नेतृत्व तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की गौरवगाथा को श्रद्धापूर्वक देखा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजाद कुटिया में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

यह कार्यक्रम अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मजयंती एवं 'बलराम कृषि महोत्सव' के अंतर्गत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। इस अवसर पर पूरा वातावरण देशभक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। 'आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा' के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहें के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। उपस्थित जनसमूह ने उत्साह और श्रद्धा के साथ मशाल यात्रा में सहभागिता करते हुए अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता चौहान और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button