मध्यप्रदेश

बोल बम की गूंज से शिवमय हुआ ओंकारेश्वर, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

खंडवा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

सावन माह के तीसरे सोमवार को पवित्र तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में हजारों शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु दो से तीन किलोमीटर लंबी पैदल दूरी तय कर बैरिकेडिंग मार्ग से होते हुए भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर रहे हैं। भोर से ही मंदिर परिसर में घंटियों की मधुर गूंज और "हर-हर महादेव" के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। मंदिर परिसर और गर्भगृह को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया है।

सावन के तीसरे सोमवार पर नजारा ऐसा है कि ओंकारेश्वर में मौजूद हर शिवभक्त के मन और जुबान पर "ॐ नमः शिवाय" और "बोल बम" के उद्घोष गूंज रहे हैं। भक्त बाबा की एक झलक पाने के लिए लाइन में लगे हैं, कोई बेलपत्र और फूल चढ़ाकर, तो कोई चंदन-पंचामृत से अभिषेक कर भगवान से अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की मन्नत मांग रहा है। बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक, हर वर्ग का भक्त बाबा को मनाने के लिए ओंकारेश्वर पहुंचा है।

बता दें कि धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में सुबह 5 बजे होने वाली आरती के समय से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गई थीं। हाजारों लोग दर्शन के लिए अपने बारी का इंतजार कर रहे थे। ओंकारेश्वर में एक ओर स्वयंभू ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग है तो दूसरी ओर भगवान ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग है। दोनों ही दिव्य स्थानों पर भक्त दर्शन कर रहे हैं।

मंदिर के पुजारियों के अनुसार, आज तीसरे सोमवार को सुबह 5 बजे आरती के साथ सामान्य दर्शन की शुरुआत हुई है, जो देर रात 10 बजे शयन आरती तक जारी रहेगी। दोपहर 3 बजे बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण और नौका विहार के लिए निकलेगी। हालांकि, इस दौरान गुलाल महोत्सव पर जिला प्रशासन ने एक दिन पहले ही रोक लगा दी है। लेकिन, संतों का कहना है कि गुलाल उड़ाने की परंपरा जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button