मप्र में जनता की सरकार, बदतमीजी करने वाले अफसर बख्शे नहीं जाएगे
विंध्य क्षेत्र का समग्र विकास होगा

रीवा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मिजाज तीखे है और वे प्रशासनिक मशीनरी को कसने में लगे है। उन्होंने रीवा में अफसरों से साफ कहा कि राज्य में जनता की सरकार है, कोई भी अफसर बदतमीजी करेगा तो बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अफसरों को हिदायत देते हुए कहा कि आम जनता के मान सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यह सरकार जनता की सरकार है। गरीबों की सरकार है। जनता के बीच से ही यह सरकार चुनी गई है। इसलिए जनता का सम्मान करना शासन और प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व है। संभागीय बैठकों में शासन के निर्णय का पालन हो यह सुनिश्चित किया जाएगा।
उनहेंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विंध्य क्षेत्र का समग्र विकास होगा। विंध्य क्षेत्र अब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन ने विकास कार्यों के विकेंद्रीकरण करने की व्यवस्था बनाई गई है। सरकार अब घर-घर तक विकास ले जायेगी। हितग्राही मूलक योजनाओ का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बेरोजगार को रोजगार मिले। उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव हो। इसके लिए आने वाले समय में मानव संसाधन पर अधिक निर्भर रहने वाले उद्योगों की स्थापना की जाएगी। खनिज संसाधन की उपलब्धता वाले जिलों में विशेष सब्सिडी देकर उद्योग विकसित किए जायेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपना सारा जीवन मानव कल्याण के लिए समर्पित किया था। आज भी जन-जन के हृदय में राम राज्य का सपना बसा हुआ है। भगवान श्रीराम लोगों के रोम-रोम में समाये हुए हैं। इसलिए सिर्फ रोटी, कपड़ा और मकान की आवश्यकता पूर्ति नहीं होगी बल्कि सनातन संस्कृति और धर्म को भी संरक्षित और संवर्धित किया जाएगा।