नेपाल के प्रधानमंत्री ने उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए

इंदौर/उज्जैन। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ’प्रचंड’ और प्रतिनिधि-मंडल के साथ मध्य प्रदेश के प्रवास पर इंदौर पहुचे। उनका मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में स्वागत किया। वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री उज्जैन पहुंचे जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनका स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने महाकाल मंदिर में दर्शन किए और मकाहाल लोक का भ्रमण किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर विमानतल पर नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ’प्रचंड’ और उनके साथ आये प्रतिनिधि-मंडल का भावभीना स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान के आत्मीय व्यवहार से अभिभूत नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वे उनसे पहली बार मिले हैं। प्रधानमंत्री श्री प्रचंड के साथ अन्य अतिथि में गंगा दहल, नेपाल के विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सोद सहित अन्य मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत और नेपाल अत्यंत प्राचीन राष्ट्र हैं। भारत और नेपाल भले ही दो शरीर हों पर सांस्कृतिक रूप से वे एक हैं। दोनों का सांस्कृतिक वैभव, सभ्यता और संस्कार एक जैसे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध आने वाले दिनों में और भी प्रगाढ़ होंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड के इंदौर आगमन पर मध्यप्रदेश के सांस्कृतिक परिदृश्य का प्रदर्शन किया गया। निमाड़ का गणगौर और साथ में भगोरिया के उल्लासपूर्ण नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया। इंदौर के युवाओं के श्री स्वर ध्वज पथक के 50 सदस्यीय दल ने ढोल-तासों और केसरिया ध्वज के साथ उद्घोष करते हुए प्रधानमंत्री प्रचंड का स्वागत किया। बालिकाओं द्वारा स्वागत में कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इंदौर से नेपाल के प्रधानमंत्री उज्जैन पहुॅचे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नेपाल के प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। नेपाल के प्रधानमंत्री आज उज्जैन में श्री महाकाल दर्शन के लिए महाकालेश्वर मंदिर पहुँचे और पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल पटेल ने नंदी द्वार संकुल में ’प्रचंड’ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया और उन्हें महाकाल महालोक परिसर का अवलोकन कराया। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने उन्हें स्मृति- चिन्ह भेंट किया। उज्जैन से इंदौर रवाना होते समय प्रधानमंत्री प्रचंड को भावभीनी विदाई दी गई। जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव सहित जन-प्रतिनिधि मौजूद रहे।