मध्यप्रदेश

DAVV Indore में हजारों छात्र फेल, UG फर्स्ट-सेकंड ईयर की सितंबर में होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा

इंदौर
 स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष का रिजल्ट बिगड़ने से हजारों छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों में फेल हो गए हैं। इनके लिए अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय सितंबर के दूसरे सप्ताह में पूरक परीक्षा करवाने जा रहा है। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों से आवेदन भरवाए जा रहे हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 अगस्त निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने से विश्वविद्यालय ने 40 से ज्यादा केंद्र बनाए हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

प्रत्येक केंद्र पर आब्जर्वर भी नियुक्त किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक 25 अगस्त तक परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। अप्रैल से जून के बीच इन पाठ्यक्रमों की मुख्य परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। इसमें करीब एक लाख 10 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे। जुलाई में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।

प्रथम वर्ष की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच इसलिए कराई गई, क्योंकि उच्च शिक्षा विभाग ने मार्च में प्रथम वर्ष की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था। नई व्यवस्था में आर्डिनेंस 14-1 के तहत 70 अंक की थ्योरी और 30 अंक के इंटरनल असाइनमेंट की व्यवस्था समाप्त कर दी गई।

थ्योरी पेपर में 35 अंक प्राप्त करना जरूरी
अब पूरा प्रश्नपत्र 100 अंक का है और विद्यार्थियों को पास होने के लिए इसी थ्योरी पेपर में कम से कम 35 अंक प्राप्त करना जरूरी है। इस बदलाव का असर रिजल्ट पर साफ दिखाई दिया। बीए और बीएससी प्रथम वर्ष में बड़ी संख्या में विद्यार्थी हिंदी और अंग्रेजी में फेल हुए।

करीब 15 प्रतिशत विद्यार्थी इन विषयों में 35 अंक भी हासिल नहीं कर सके। पांच अनिवार्य विषयों में कमजोर प्रदर्शन के कारण बीए-बीएससी का संयुक्त रिजल्ट करीब 40 प्रतिशत रहा। इसके विपरीत बीकाम प्रथम वर्ष का परिणाम करीब 75 प्रतिशत रहा।

आवेदन मंगवाए
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रथम वर्ष में आठ से नौ हजार विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री आई है, जबकि द्वितीय वर्ष में करीब छह हजार विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा देनी होगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी का कहना है कि स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों से आवेदन मंगवाए हैं। परीक्षा सितंबर दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। इसका टाइम टेबल निकाला जाना है। विद्यार्थियों की संख्या अधिक रहने से केंद्रों पर दो स्तर पर चेकिंग की जाएगी।

Related Articles

Back to top button