ग्वालियरमध्यप्रदेश

दतिया उपचुनाव में 71.44% मतदान, पिछली बार से 9% कम; कांग्रेस ने लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप

दतिया
 दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया, लेकिन इस बार मतदान प्रतिशत ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस उपचुनाव में मतदाताओं की भागीदारी काफी कम रही। निर्वाचन आयोग के अंतिम आंकड़ों के अनुसार इस बार कुल 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में यह आंकड़ा 80.20 प्रतिशत था। यानी इस बार मतदान में 8.76 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनावों में आमतौर पर मतदान प्रतिशत कम रहता है, लेकिन दतिया में आई यह गिरावट चुनावी दलों के लिए समीक्षा का विषय बन सकती है।

2008 के बाद सबसे कम मतदान
पिछले चार विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार का मतदान वर्ष 2008 के बाद सबसे कम रहा है। वर्ष 2008 में 73.31 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि उसके बाद हर चुनाव में मतदान लगातार बढ़ता गया। 2013, 2018 और 2023 में मतदाता सहभागिता में लगातार इजाफा हुआ, लेकिन उपचुनाव में यह सिलसिला टूट गया।

पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,20,410 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल थे।

मतदान के आंकड़ों के अनुसार पुरुष मतदाताओं ने अधिक उत्साह दिखाया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 74.09 फीसदी रहा, जबकि महिलाओं का मतदान 68.48 फीसदी दर्ज किया गया। अन्य श्रेणी के मतदाताओं में करीब 20 प्रतिशत मतदान हुआ।

ग्रामीण क्षेत्रों में दिखा भारी उत्साह, बारिश के बाद भी केंद्रों पर लगी कतारें
दोपहर तीन बजे तक मतदान का प्रतिशत 61 रहा था, लेकिन इसके बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार तेज हुई। ग्रामीण इलाकों के अधिकांश मतदान केंद्रों पर 67 से 70 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा करीब 55 प्रतिशत रहा।उपरायं मतदान केंद्र पर शाम तक 69 प्रतिशत तथा एरई मतदान केंद्र पर 66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर बाद कुछ समय के लिए हुई बारिश के बावजूद मतदान की रफ्तार पर विशेष असर नहीं पड़ा। बारिश थमते ही मतदाता फिर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और अंतिम घंटों में कई केंद्रों पर कतारें दिखाई दीं।

कड़े सुरक्षा घेरे में मतदान: 291 केंद्रों पर तैनात रहा पुलिस और सीआरपीएफ बल
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रत्येक केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस बल की तैनाती रही। पूरे दिन कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

कांग्रेस हताश-निराश : नरोत्तम मिश्रा
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राजघाट कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यों के आधार पर जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर रही है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर उन्होंने कहा कि "जब कांग्रेस हारती हुई दिखाई देती है तो हताशा और निराशा में ऐसे आरोप लगाती है।"

कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत होगी : घनश्याम सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने तलैया मोहल्ला स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और जनता परिवर्तन के लिए मतदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

आठ वर्षों की बढ़त पर लगा ब्रेक
दतिया विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 1998 से मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ रहा था। 1998 में जहां मतदान 63.36 प्रतिशत था, वहीं 2023 के विधानसभा चुनाव में यह बढ़कर 80.20 प्रतिशत तक पहुंच गया था। लेकिन 2026 के उपचुनाव में यह बढ़त एक झटके में समाप्त हो गई और मतदान सीधे 71.44 प्रतिशत पर आ गया।विशेषज्ञों का मानना है कि उपचुनाव होने, सीमित चुनावी माहौल और मतदाताओं की अपेक्षाकृत कम सक्रियता जैसे कई कारण मतदान प्रतिशत में गिरावट की वजह हो सकते हैं।

शांतिपूर्ण रहा मतदान, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
जिला प्रशासन के मुताबिक पूरे विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और मतदान प्रक्रिया बिना किसी बड़ी बाधा के पूरी हुई।मतदान समाप्त होने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और अन्य चुनाव सामग्री को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया।

3 अगस्त को आएगा फैसला
जिला निर्वाचन अधिकारी  ने मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए मतदाताओं, मतदान कर्मियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। अब सभी की नजर 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जब यह स्पष्ट होगा कि दतिया विधानसभा की जनता ने किस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है।

पिछले विधानसभा चुनावों का मतदान प्रतिशत

वर्ष मतदान प्रतिशत

2008 73.31%

2013 75.31%

2018 77.20%

2023 80.20%

2026 (उपचुनाव) 71.44%

 

Related Articles

Back to top button