मध्यप्रदेश

इंदौर में गुंडों का आतंक, लोग मकान बेचने को मजबूर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर प्रशासन की क्लास ली


इंदौर । मध्य प्रदेश की पहचान शांत राज्य के तौर पर है, मगर इंदौर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां गुंडों के आतंक से परेशान लोग अपना आशियाना बेचने तक को तैयार है। उन्होंने अपने मकान के बाहर पोस्टर चस्पा कर रखे हैं जिस पर लिखा है ‘मेरा घर बिकाऊ है‘। इस मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर प्रशासन की क्लास ले डाली है।
मामला इंदौर के राजेंद्र नगर इलाके का है।यहां के ट्रेजर टाउन में बनी गरीबों की बस्ती में रहने वाले गुंडागर्दी और नशे के कारोबारियों से परेशान हैं।इन लोगों का आतंक इतना है कि यहां रहने वाले कई परिवार अपने को असुरक्षित पा रहे हैं और हर पल, हर दिन उन्हें आशंकाएं सताए रहती हैं ।यही कारण है कि कई परिवार अपने मकान छोड़कर यहां से जा चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लगभग तीन सौ परिवार निवास करते हैं जिनमें बड़ी संख्या में किराएदार भी हैं। यहां के निवासी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से परेशान हैं और वे पुलिस को भी इन हालातों से अवगत करा चुके हैं। उसके बाद भी स्थितियों में सुधार नहीं आया है।
स्थानीय लोगों की माने तो काफी समय से इस इलाके में पुलिस की गश्त बंद है और इसी का कुछ लोग लाभ उठा रहे हैं। यहां के युवा नशाखोरी करते हैं और चोरी आदि की वारदात को अंजाम देने के साथ महिलाओं और बच्चों से छेड़छाड़ भी करते हैं।इतना ही नहीं इस इलाके के छोटे बच्चों पर भी इसका असर पड़ रहा है। इससे परेशान होकर ही कई परिवार पलायन कर गए हैं और कई परिवारों ने अपने मकान बेचने का मन बना लिया है, अब वे अपना मकान तक बेचना चाहते है और इसीलिए अपने मकान के बाहर मेरा घर बिकाऊ है पोस्टर भी लगा दी है।
इस क्षेत्र के डीसीपी आदित्य मिश्रा ने  बताया है कि ट्रेजर टाउन में वे लोग है उनमें अधिकांश विस्थापित है, इस क्षेत्र में समस्याएं सामने आई है। वहां के लोगों की जो परेशानी है उसके निराकरण के लिए प्रशासन की ओर से शिविर लगाए जाएंगे, उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और उनके निराकरण की दिशा में पहल की जाएगी।  किराएदारों का भी ब्यौरा तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रातः इंदौर की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री चौहान ने गुंडे, बदमाश और असामाजिक तत्वों पर कठोरतम कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुंडे, बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे। आम जनता में पुलिस पर विश्वास होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशा करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर तुरंत कार्यवाही की जाए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मुख्यमंत्री निवास समत्व कार्यालय भवन में हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक  सुधीर सक्सेना, एडीजी इंटेलीजेंस आदर्श कटियार, ओ.एस.डी. मुख्यमंत्री  अंशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इंदौर से कमिश्नर पवन शर्मा, पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर, कलेक्टर  टी. इलैया राजा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button