मध्यप्रदेशराजनीति
भोपाल में भाजपा चुनाव प्रबंधन कार्यालय का किया उद्घाटन
नेताओं ने भगवान से विधानसभा चुनाव में भाजपा के ऐतिहासिक विजय की कामना की।

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश , मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने विधि-विधान से पूजन अर्चन व कन्यापूजन कर चुनाव प्रबंधन कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने भगवान से 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के ऐतिहासिक विजय की कामना की।
इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आज प्रदेश कार्यालय में विधानसभा चुनाव के लिए विधिविधान से पूजन अर्चन कर चुनाव प्रबंधन कार्यालय की शुरुआत हुई है। हमारा चुनाव अभियान पहले ही शुरू हो गया है, लेकिन प्रबंधन के काम को लेकर आज माइक्रोमैनेजमेंट की दृष्टि से इसकी शुरुआत हुई है। मुझे पूर्ण विश्वास है हम सब भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक टीम स्पिरिट के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 2023 के विधानसभा चुनाव को भाजपा ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजयी सुनिश्चित करेंगी। हम सबने आज यह संकल्प लेकर चुनाव प्रबंधन कार्यालय की शुरूआत की है।