छत्तीसगढ़ विधानसभा में उत्कृष्टता अलंकरण समारोह और विधायकों का बिदाई
विधायक संगीता सिन्हा और रंजना दिपेन्द्र साहू को वर्ष 2022 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान

रायपुर, छत्तीसगढ़ विधानसभा द्वारा आयोजित ‘‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह‘‘ और पंचम विधानसभा के विधायकों के लिए आयोजित बिदाई समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन आज मुख्य अतिथि बतौर शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, मुुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नेता प्रतिपक्षनारायण चंदेल, विधानसभा के उपाध्यक्ष संतराम नेताम सहित केबिनेट के अन्य मंत्रीगण उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम में सत्तापक्ष की विधायक संगीता सिन्हा और प्रतिपक्ष की विधायक रंजना दिपेन्द्र साहू को वर्ष 2022 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान और विधायक धर्मजीत सिंह को पंचम विधानसभा के जागरूक विधायक सम्मान से नवाजा गया। प्रिंट मिडिया के राहुल जैन और इलेक्ट्रानिक मीडिया के देवव्रत भगत और कैमरामेन रोहित श्रीवास्तव को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार का सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक मजबूत विधायिका जनहित, विकास और सुशासन का आधार स्तंभ है। निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जनता की सेवा करने का सर्वोत्तम अवसर मिलता है, उन पर राज्य और नागरिकों के हित में काम करने की भी जिम्मेदारी है। इसी प्रकार मीडिया विधायिका, कार्यपालिका और नागरिकों के बीच सेतु का काम करता है। छत्तीसगढ़ में मीडिया ने अपने विभिन्न रूपों के माध्यम से न केवल आम जनता को जागरूक, शिक्षित किया है, बल्कि राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर पंचम विधानसभा के सदस्यों को बिदाई भी दी गई। राज्यपाल हरिचंदन ने सभी से आग्रह किया कि अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठकर सदैव जनहित एवं जनकल्याण के लिए कार्य करें। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की गिनती देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभाओं में होती है। विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जो सामंजस्य और सम्मान का भाव है, वो निश्चित तौर पर प्रशंसनीय है।