ग्वालियर-चंबलराजनीति

भाजपा जा बे बारी है, कांग्रेस आ बे बारी है-प्रियंका गांधी

उद्योगपति एक दिन में 16 सौ करोड़ , किसान एक दिन में 27 रुपये भी नहीं कमा पा रहा

ग्वालियर, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित जनआक्रोश रैली में कहा कि पैसों के बल पर बनाई गई मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार का ध्यान सिर्फ लूट और घोटालों पर है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रचंड बदलाव की लहर है और भाजपा जा बे बारी है, कांग्रेस आ बे बारी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने आज मध्यप्रदेश के ग्वालियर में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
रैली में प्रियंका गांधी ने भाषण की शुरुआत राम-राम से की और स्थानीय भाषा में अपना संबोधन शुरू किया। गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। महिलाओं के खाते मे 1500 रुपये हर महीने डाले जाएंगे। रसोई गैस का सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा। 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी और 200 यूनिट बिजली आधे दाम पर मिलेगी। इसके अलावा किसानों के कर्ज माफी का काम पूरा किया जाएगा। गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन भी बढ़ाई जाए। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, मध्य प्रदेश में हो रहे घोटालों को लेकर भाजपा सरकार को जमकर घेरा। प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में झांसी की रानी लक्ष्मी बाई के समाधि स्थल जाकर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
 प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में पैसों के बल पर कांग्रेस की सरकार गिराकर भाजपा की सरकार बनाई गई थी। यह पैसों से खरीदी हुई सरकार है, तो इसकी नीयत खराब है। इसलिए इनका ध्यान सिर्फ लूट और घोटालों पर है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को भर्ती घोटाले दिए। महाकाल का घोटाला दिया। इस सरकार में घोटालों की लिस्ट बहुत लंबी है। उन्होंने कहा कि सत्ता को गलत इंसान के हाथ में दे दो, तो इसी तरह की लूट मचेगी, जो मध्यप्रदेश में हो रही है। 18 साल की सरकार में मुख्यमंत्री 22000 घोषणाएं कर चुके हैं, लेकिन क्या इनमें से 2000 घोषणाएं भी पूरी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की अचानक विचारधारा बदल गई।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के विपक्षी नेताओं और पार्टियों को चोर बता डाला। जिन नेताओं ने आजीवन देश के लिए संघर्ष किया है, उनका प्रधानमंत्री ने अपमान किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर पिछले कई महीने से जल रहा है, मणिपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। बच्चों के सिर पर छत नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री जी 77 दिन तक चुप रहे। कल मजबूरी में जब एक भयावह वीडियो वायरल हुआ तो उन्होंने बयान दिया और उसमें भी राजनीति घोल दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिन उद्योगपतियों को देश की संपत्तियां सौंप दी हैं, वह एक दिन में 16 सौ करोड़ रुपये कमा रहे हैं, वहीं हमारा किसान एक दिन में 27 रुपये भी नहीं कमा पा रहा है। मध्यप्रदेश में आदिवासियों, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है।

Related Articles

Back to top button