हमर छत्तीसगढ़

ओडिशा से बस के जरिए रायपुर में नशीली गोलियों की सप्लाई, आरोपी बस ड्राइवर गिरफ्तार

रायपुर.

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैकवर्ड लिंक की जांच करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा से रायपुर तक प्रतिबंधित नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाले बस चालक संजय नाग को गिरफ्तार किया है।

जांच में अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। बता दें कि यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पहले दो आरोपियों से मिली थी अहम जानकारी
पुलिस ने इससे पहले थाना खम्हारडीह क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदवयाही मंदिर के सामने कार्रवाई करते हुए सुनील बघेल ( उम्र 26 साल) और सचिन महानंद (उम्र 21 साल) को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 459 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट और बिक्री की 200 रुपये नकद बरामद किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,83,800 रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना खम्हारडीह में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

पूछताछ में सामने आया ओडिशा कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। आरोपियों ने बताया कि प्रतिबंधित नशीली टैबलेट उन्हें ओडिशा के संबलपुर निवासी संजय नाग उपलब्ध कराता था, जो ओडिशा से रायपुर के बीच बस चलाता है। वह कमीशन लेकर नशीली गोलियों की सप्लाई करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बैकवर्ड लिंक की जांच आगे बढ़ाई और संबलपुर (ओडिशा) पहुंचकर आरोपी संजय नाग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने नशीली गोलियों की सप्लाई करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाना खम्हारडीह में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय नाग (46 वर्ष), पिता गंगाधर नाग, निवासी क्षेतराजपुर, तालभाठापारा, जिला संबलपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है।

नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायर और रिसीवर की पहचान कर एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई जारी है।

बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों से पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, पार्सल, मादक पदार्थ, विस्फोटक या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की अनदेखी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति और बस संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सभी से सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button