मध्यप्रदेशराजनीति
मप्र में भाजपा के दूसरे प्रदेशों के विधायक जाएंगे विधानसभा क्षेत्रों में
20 से 27 अगस्त तक चलने वाले विधायक प्रवास अभियान

भोपाल। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तरक्की के पायदान चढ़ रहा है, तो मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण की योजनाएं हर वर्ग के जीवन में बदलाव ला रही हैं। देश और समाज में परिवर्तन की यह प्रक्रिया चलती रहे, इसके लिए देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार होना जरूरी है। मध्यप्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में जाने वाले विधायकगण यह संदेश लेकर बूथ-बूथ तक जाएं कि भाजपा की सरकार ही सबसे अच्छी सरकार है। विभिन्न प्रदेशों से मध्यप्रदेश के प्रवास पर आए विधायकों से यह आह्वान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को विधायक प्रवास कार्यशाला में किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 40 लाख से अधिक वैरिफाइड कार्यकर्ता हैं। यहां जनसंघ के जमाने से संगठन को खड़ा करने के लिए स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी, स्व. राजामाता सिंधिया जी, स्व. सुंदरलाल पटवा जी, स्व. सखलेचा जी, सारंग जी जैसे अनेकों कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया। प्रदेश में वर्तमान में कार्यकर्ताओं की तीसरी और चौथी पीढ़ी संगठन को संभाल रही है।
यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के अमृतकाल में राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए मध्यप्रदेश और देश में भाजपा की सरकारें होना जरूरी है। यादव ने कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न प्रदेशों के विधायकों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आप लोग अपनी विधानसभा में हर समाज तक पहुंचें, मठ-मंदिरों और विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रमुख लोगों से संपर्क करें। पन्ना प्रमुखों से मिलें, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा करें। उन्होंने कहा कि मंडल और शक्ति केंद्रों की बैठक लें तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हाल में मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना लांच की है, इस योजना की हितग्राही बहनों से मिलें।
विधायकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न और शक्तिशाली भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। देश लगातार आगे बढ़ रहा है और दुनिया में कोई ताकत अब भारत के प्रभुत्व को नकार नहीं सकती। चौहान ने कहा विकास के लिए पहली शर्त शांति है और 2003 में भाजपा की सरकार बनते ही हमने इस दिशा में काम शुरू किया। चंबल के बीहड़ों से डाकुओं को सफाया कर दिया तो सिमी का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया। 2003 से पहले नक्सली मंत्री की गर्दन काटकर ले जाते थे, हमने नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाई। मध्यप्रदेश ने सबसे पहले बहन-बेटियों पर गलत नजर डालने वालों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया।
विधायकों को प्रदेश संगठन का परिचय देते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हर राज्य में संगठन का स्वभाव अलग होता है। मध्यप्रदेश में कदम-कदम पर स्व. ठाकरे जी के जीवन सुगंध फैली हुई है और कार्यकर्ताओं का स्वभाव संगठन के अनुकूल है। जनसंघ के जीतने की शुरुआत मध्यप्रदेश से ही हुई थी और यहां लंबे समय से पार्टी सत्ता में है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि 20 से 27 अगस्त तक चलने वाले विधायक प्रवास अभियान में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने -अपने राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को विस्तार देने और अपने राज्यों में गुड गवर्नेंस देने में प्रमुख भूमिका रही है। आपके अनुभव, योग्यता, क्षमता और विधानसभा में कियें गये विशेष कार्यों का लाभ मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को मिलेगा। श्री शर्मा ने कहा कि अभियान के इन दिनों में देश भर की चुनी हुई ताकत के रूप में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात के चयनित विधायक जब मध्यप्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में जायेंगे तो मध्यप्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्त्ता का उत्साह 10 गुना तो होगा साथ ही चुनाव में जुटे स्थानीय कार्यकर्ताओं को और ताकत मिलेगी।
विधायक प्रवास कार्यक्रम के प्रभारी, विधायक अमित ठाकर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार प्रवास से आज भारत वैश्विक शक्ति बना है, प्रशासनिक कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री ने संगठन कार्यों को भी गति दी है। 20 से 27 अगस्त के बीच 8 दिनों तक आप जिस विधानसभा में प्रवास पर रहेंगे वहां आपको संगठन कार्य को गति देनी है साथ ही प्रवास को लेकर पार्टी के करणीय कार्यों को भी पूरा करना हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ताक़त हमारे कार्यकर्ता हैं। विचार के आधार पर जो कार्यकर्ता जुड़ा है वह पुरे उत्साह के साथ मैदान में उतरे, यहीं विधायक प्रवास की सार्थकता है। आपके प्रवास से कार्यकर्ता प्रेरित होंगे और मध्यप्रदेश भाजपा को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नीचे तक आदर्श संगठन है फिर भी हमें तैयारियों में जुटना है। प्रवास के दौरान लाभार्थी सम्मलेन, मन की बात कार्यक्रम और विचार परिवार के लोगों के साथ ही सामाजिक और प्रभावशील लोगों से संपर्क करते हुए मंडल स्तरीय बैठकें करनी हैं।