शिवराज अब दक्षिण भारत में सक्रिय होंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष के बुलाए जाने की बाद दिल्ली पहुंचे
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सियासी तौर पर क्या भूमिका रहने वाली है, इस पर नेतृत्व ने मुहर लगा दी है। चौहान अब आने वाले दिनों में दक्षिण भारत में सक्रिय नजर आएंगे। मंगलवार को नई दिल्ली में उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात भी हुई, जिसमें उन्हें आगामी भूमिका के बारे में बता दिया गया है।
राज्य में भाजपा को बड़ी जीत मिलने के बाद चौहान के स्थान पर मोहन यादव को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंप गई। पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने पद छोड़ते हुए कहा था कि मैं अपने लिए कुछ मांगने दिल्ली नहीं जाऊंगा, मेरे लिए इससे बेहतर मरना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिल्ली बुलाए जाने की बाद मंगलवार को दिल्ली पहुंचे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से उनकी मुलाकात हुई। इस मुलाकात को सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि राज्य में आगामी दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार प्रस्तावित है साथ ही लोकसभा चुनाव भी आने वाले समय में है ।
सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि चैहान की आगामी समय में क्या भूमिका रहने वाली है इस पर फैसला हो सकता है, साथ ही पार्टी बड़ी जिम्मेदारी उन्हें सौंप सकती है और इस संबंध में फैसला जल्दी हो सकता है।



