
रायपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिसने भ्रष्टाचार किया है वह बचेगा नहीं, ऐसे लोग कान खोलकर सुन लें जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता।
राजधानी के साइंस कॉलेज के मैदान में भाजपा की विजय संकल्प रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार के भ्रष्टाचार का हवाला दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है।ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है।इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।
उन्होने कांग्रेस के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा,गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है।ये लोग मेरे पीछे पड़ेंगे, मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे, मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे।लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता है।अपने कुशासन और भ्रष्टाचार के दाग को कांग्रेस अब झूठी गारंटियों से छिपाने की कोशिश कर रही है।आपको ऐसी झूठी गारंटियों से बहुत सतर्क और सावधान रहने की ज़रूरत है।ये भाजपा है जो असली गारंटी देती है, जो वादा करती है, उसे पूरा करके दिखाती है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा,गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थी।लेकिन आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है।छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी।5 वर्ष बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है।
राज्य में सक्रिय माफियाओं को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा शराब माफिया, कोल माफिया, सेंड माफिया… न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं।यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं।आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है।करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है।करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है।जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं।
भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के चेतावनी देते हुए प्रधानमत्रीं ने कहा,देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।